Kanker News: जहां धर्मांतरण को लेकर मचा बवाल, वहां विधि-विधान के साथ 14 लोगों ने की धर्म वापसी
कांकेर में 14 लोगों की धर्म वापसी
Kanker News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बीते कई दिनों में धर्मांतरण (कंवर्जन) को लेकर बवाल मचा हुआ था. कभी धर्म परिवर्तन कर चुके व्यक्ति के शव दफनाने को लेकर तो कभी धर्म परिवर्तन को लेकर. इस बीच चार परिवार के 14 सदस्यों ने आदिवासी परंपरा के तहत हिंदू धर्म में वापसी की है. इन सभी 14 लोगों ने काफी लंबे समय पहले ईसाई धर्म को अपनाया था. अब जब सभी ने मूल धर्म में वापस आने की इच्छा जाहिर की तो ग्रामीणों ने सामाजिक रीति-रिवाज के साथ उनकी वापसी कराई.
14 लोगों ने की धर्म वापसी
कांकेर जिले के नरहरपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले जामगांव में 4 धर्मांतरित परिवार के 14 सदस्यों ने हिंदू धर्म में घर वापसी की. यह घटना परिवार की एक महिला सदस्य की मृत्यु के बाद उनके अंतिम संस्कार से ठीक पहले हुई. परिवार के कुल चार घरों के 14 सदस्यों ने अपने मूल हिंदू धर्म को दोबारा अपनाया.
रीति-रिवाजों के साथ लौटे
जानकारी के मुताबिक जामगांव के निवासी कमलेश पमार और उनका परिवार काफी समय से धर्मांतरित था. पत्नी के निधन के बाद परिवार ने पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई. इसके बाद ग्रामीणों ने गांव में एक सभा बुलाई. ग्रामीणों और ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों की मौजूदगी में परिवार ने सामाजिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए मूल धर्म (हिंदू धर्म) स्वीकार कर लिया.
इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही मृतक महिला के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू की गईं. बता दें कि नरहरपुर क्षेत्र के जामगांव गांव में धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर लंबे समय से विवाद और चर्चा चल रही है. यहां पहले भी शव दफनाने को लेकर विवाद, तोड़फोड़ जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण यह क्षेत्र संवेदनशील बना हुआ है.