CG News: राजिम कुंभ में अव्यवस्था पर मचा बवाल, विधायक रोहित साहू ने अफसरों को लगाई फटकार
भाजपा विधायक रोहित साहू ने अफसरों को लगाई फटकार
CG News: छत्तीसगढ़ का प्रयागराज कहे जाने वाले राजिम में इन दिनों कुंभ कल्प मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस मेले को लेकर जहां श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं मेले की अव्यवस्था अब खबरों की वजह बनी हुई है. राजिम कुंभ कल्प में अव्यवस्था को लेकर जमकर बवाल भी हुआ. दरअसल, राजिम कुंभ कल्प मेले के दौरान अफसरों पर बिफरते नजर आए राजिम के विधायक रोहित साहू आयोजन को लेकर अफसरों से लगातार संवाद भी कर रहे हैं. फिर भी जब कलाकारों के लिए खाने की व्यवस्था नहीं हुई और स्थानीय लोग भी अव्यवस्था का शिकार होकर भूखे मेले से लौटने लगे, तो विधायक का गुस्सा फूट पड़ा.
विधायक ने अफसरों को लगाई फटकार
विधायक रोहित साहू ने न सिर्फ अफसरों को जमकर फटकार लगाई, बल्कि सभी कलाकारों और स्थानीय लोगों को होटल ले जाकर अपने खर्च पर खाना भी खिलाया. इतना ही नहीं, स्थानीय अफसरों को डपटते हुए कहा कि अधिकारी सरकार की छवि खराब कर रहे हैं. अफसर इसे इवेंट मैनेजमेंट कंपनी और स्थानीय लोगों के मत्थे मढ़कर बच निकलने की कोशिश कर रहे थे. यही वजह रही कि स्थानीय भाजपा विधायक रोहित साहू का गुस्सा फूटा और उन्होंने अफसरों को फटकार लगाई.
कांग्रेस ने भी सरकार पर साधा निशाना
राजिम कुंभ में हो रही अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भी प्रशासन को आड़े हाथों लिया है. पूर्व पीसीसी चीफ और अभनपुर के पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ने कहा कि अगर प्रशासन मेला कराने में नाकाम है तो बता दे, राजिम और अभनपुर की जनता मिलकर मेले का आयोजन कर लेगी. उन्होंने सरकार पर गलत ढंग से आयोजन करने का आरोप भी लगाया.
दशकों से हो रहा राजिम मेले का आयोजन
राजिम कुंभ कल्प जनआस्था का जीवंत प्रतीक है. दशकों से राजिम में इस मेले का आयोजन होता आ रहा है. इस बार मेला अव्यवस्था की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है. लेकिन इन सबके बीच सवाल यही है कि आखिर अपने ही लोगों को क्यों परेशानी में डाला जा रहा है. और शायद यही कारण है कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक ताकत व्यर्थ नहीं कर रही है. सबसे बड़ी वजह स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों के साथ समन्वय की कमी को माना जा रहा है.