CG News: रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 6 सटोरिए गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पकड़ा गया है. पुलिस के अनुसार टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा था.
मोबाइल, लैपटॉप जब्त
पुलिस के मुताबिक शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पर आरोप है कि www.onebet9.com वेबसाइट के जरिए क्रिकेट पर दांव लगवा रहे थे. ऑनलाइन सट्टे का गिरोह चला रहे थे. वहीं, तेलीबांधा थाना क्षेत्र से पुलिस ने धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, सोनू उर्फ संजय तकटानी, राहुल आसलानी और अभय शर्मा को गिरफ्तार किया है. ये सभी JMD777 नाम की आईडी से ऑनलाइन सट्टा का अवैध कारोबार चला रहे थे.
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और पैसे के लेन-देन के रिकॉर्ड भी जब्त कर लिए हैं.
ये भी पढ़ें: CG Budget Session: कांग्रेस ने नल-जल योजना पर उठाए सवाल, अरुण साव बोले- हमने प्रदेश की दिशा और दशा बदली
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इसके साथ ही पुलिस ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कौन-कौन इस नेटवर्क से जुड़ा है.