Raipur News: तंत्र-मंत्र से पैसा 100 गुना करने का दिया लालच, बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से की 3.5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
तांत्रिक ठग गिरफ्तार
Raipur News: राजधानी रायपुर में अंधविश्वास और लालच का खतरनाक खेल सामने आया है. तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को 100 गुना करने और पैसों की बारिश कराने का झांसा देकर ठक्कर बापा वार्ड के बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली गई. कथित तांत्रिकों ने बाकायदा पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और रहस्यमय अनुष्ठान का नाटक रचाया, लेकिन अंत में असली पैसे लेकर फरार हो गए और झोले में नकली नोट थमा दिए. घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने पार्षद की शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनो आरोपियों राहुल भारती निवासी सुपेला भिलाई और मयंक दास निवासी रिसाली भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से एक अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और ठगे गए पूरे 3.5 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पार्षद रुस्तम कुर्रे की मुलाकात करीब एक साल पहले भिलाई के सुपेला इलाके में रहने वाले राहुल भारती से हुई थी. राहुल ने खुद को बेरोजगार बताकर काम की तलाश में संपर्क बढ़ाया. धीरे-धीरे भरोसा बनाया और लगातार फोन करने लगा. इसी भरोसे का फायदा उठाकर 4 फरवरी से उसने पार्षद को यह कहकर झांसे में लिया कि उसके संपर्क में एक शक्तिशाली तांत्रिक मयंक दास है, जो तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को 100 गुना कर सकता है. 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल अपने साथी मयंक दास के साथ पार्षद के कार्यालय मंगल बाजार, गुढ़ियारी पहुंचा. वहां माहौल को रहस्यमय बनाने के लिए पूजा-पाठ की तैयारी कराई गई. अगरबत्ती, नारियल और मंत्रों के बीच मयंक दास ने अनुष्ठान शुरू किया. कुछ देर बाद तांत्रिक ने “पूजा के लिए शुद्ध कैश” की मांग की. भरोसे में आए पार्षद ने 500-500 रुपए के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपए उन्हें सौंप दिए.
इसके बाद तांत्रिक ने पार्षद को बाहर बैठने को कहा और खुद कमरे में करीब रात 10:30 बजे तक पूजा करता रहा. फिर दोनों आरोपी यह कहकर बाहर निकले कि श्मशान से विशेष मिट्टी लाकर अंतिम प्रक्रिया पूरी करनी है. जाते-जाते उन्होंने नोटों से भरा एक थैला पार्षद को थमा दिया और बाइक से निकल गए.
ये भी पढ़ें-Durg News: दुर्ग में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, जब्त सोने की ज्वेलरी गबन करने का है आरोप
कैसे पता चला कि ठग नकली नोट दे गए?
काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो पार्षद को शक हुआ. जैसे ही थैला खोला गया, अंदर का नजारा देखकर होश उड़ गए थैले में असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल भरे थे. राहुल के मोबाइल पर कॉल किया गया, लेकिन फोन बंद मिला. देर रात पीड़ित पार्षद गुढ़ियारी थाने पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत मिलते ही सक्रियता दिखाई और महज 4 घंटे के भीतर दोनों संदेहियों को धर दबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने बताया कि पूरे 3.5 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं और मामले में आगे की जांच जारी है.