CG News: पति चला गया हरिद्वार तो देवर से हो गई मोहब्बत, फिर महिला ने बेटे के जन्मदिन पर लगा ली फांसी
परिजनों ने महिला की हत्या करने का आरोप लगाया है.
CG News: अंबिकापुर में एक हैरान कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन के दिन ही फांसी लगा आत्महत्या कर ली. इसके बाद खुशियां मातम में बदल गई. महिला अपने देवर के साथ पत्नी के रूप में पिछले 15 सालों से रह रही थी. क्योंकि उसकी शादी उससे दोगुने उम्र के व्यक्ति के साथ हो गई थी. अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है तो सवाल उठ रहा है कि आखिर पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसकी वजह से महिला ने बेटे के जन्मदिन के मौके पर ही दुनिया से खुद को अलविदा कह दिया, वहीं दूसरी तरफ महिला के पिता ने हत्या कर फांसी में लाश को लटकाने का आरोप लगाया है.
ज्यादा दिन नहीं टिक सका रिश्ता
आज से करीब 17 साल पहले सरगुजा के सीतापुर इलाके के गुतुरमा निवासी फूल कुमारी नामक 22 साल की लड़की की शादी सूरजपुर जिले के जयनगर इलाके में रहने वाले 46 साल के मणिकांत चौधरी के साथ हुआ. लेकिन दोनों का रिश्ता ज्यादा दिन नहीं टिका और फूलकुमारी अपने देवर गिरधर चौधरी के साथ पत्नी के रूप में रहने लगी, क्योंकि उस वक्त उसका पति हमेशा हरिद्वार में धार्मिक आयोजनों में लगा रहता था. इसके बाद दोनों अंबिकापुर के गोधनपुर में रहने लगे, दोनों ने इसके बाद आपस में शादी भी कर ली. एक साथ जीने मरने की कसम खाई, लेकिन गिरधारी हमेशा शराब पीता था. इसी वजह से दोनों में अक्सर विवाद होता था. 9 फरवरी 2026 को गिरधर के बेटे का जन्मदिन था, पति-पत्नी जन्मदिन की तैयारी में जुटे हुए थे. फूल कुमारी ने अपने पिता को भी अपने बेटे के जन्मदिन में आने के लिए फोन पर नेता दिया था, सभी आने की तैयारी कर रहे थे, यहां तक की फूल कुमारी का भाई अपने भांजे के जन्मदिन में पहुंच गया. लेकिन जब वह फूल कुमारी के घर पहुंचा, तब घर में ताला लटक रहा था.
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
मृतका के फूफा ने बताया कि परिजनों के पास फोन गया कि फूल कुमारी ने आत्महत्या कर ली है. परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे. परिवार वालों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और मारपीट की घटना भी हुई. मारपीट की वजह से फूलकुमारी की मौत हुई है, ऐसी जानकारी लगने के बाद फूल कुमारी के मायके वाले गिरधारी पर टूट पड़े और मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में खूब हंगामा हुआ.
बेटे के जन्मदिन पर लगाई फांसी
दूसरी तरफ फूल कुमारी के देवर और अब पति गिरधारी चौधरी ने बड़ा खुलासा किया. उसने कहा कि वह बेटे की जन्मदिन पर उत्सव मनाने के लिए पूरी तैयारी कर चुका था. घर में सभी सामान खरीद कर ला चुका था, लेकिन इसी बीच जब वह दोपहर में घर पहुंचा, तब अपनी पत्नी से कहा कि मैं एक पैक शराब पी लेता हूं और फिर यहीं से विवाद शुरू हुआ. दोनों में झूमाझटकी हुई. इस दौरान गिरधारी चौधरी के चेहरे में चोट भी लगी. गिरधारी चौधरी का कहना है कि इसी दौरान उसकी पत्नी टॉयलेट में गई और अपने दुपट्टा के माध्यम से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है क्योंकि मामला काफी संगीन है. पुलिस फूलकुमारी के परिजनों के अलावा फूलकुमारी के बेटे से भी पूछताछ करने वाली है. उसके बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी, तब यह साफ हो पाएगा कि आखिर फूल कुमारी की पिटाई से मौत हुई है या खुद उसने आत्महत्या कर ली है.