CG News: भिलाई भाजपा युवा मोर्चा की सभी नियुक्तियां रद्द, जल्‍द जारी हाेगी नई सूची

CG News: भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की हाल ही में घोषित जिला और मंडल स्तर की सभी नियुक्तियों को निरस्त कर दिया है.
BJP

भाजपा (फाइल फोटो)

CG News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की हाल ही में घोषित जिला और मंडल स्तर की सभी नियुक्तियों को निरस्त कर दिया है. उन्होंने बताया कि जारी सूची में कुछ गंभीर तकनीकी खामियां सामने आई थीं, जिसके चलते संगठन की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया.

मानकों के अनुरूप नई सूची होगी जारी

पाणिग्रही ने कहा कि पार्टी के निर्धारित मानकों और कार्यप्रणाली के अनुरूप सूची में सुधार जरूरी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी बिंदुओं की समीक्षा के बाद जल्द ही एक नई, संतुलित और त्रुटिरहित सूची जारी की जाएगी.

छवि पर पड़ रहा था असर

दरअसल, हाल के दिनों में भाजयुमो के नवनियुक्त पदाधिकारियों की छवि और उनके आचरण को लेकर मीडिया में लगातार खबरें सामने आ रही थीं, जिससे संगठन की प्रतिष्ठा पर असर पड़ रहा था. इस मुद्दे को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह ने भी दो दिन पहले मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर चर्चा की थी.

शिकायतों के बाद लिया गया फैसला

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी मुख्यालय को युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के खिलाफ सबूतों के साथ शिकायतें मिली थीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल द्वारा घोषित पूरी सूची को रद्द कर दिया गया. इसके साथ ही मंडल अध्यक्षों द्वारा घोषित युवा मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्तियां भी खत्म कर दी गई हैं.

नई नियुक्तियां जल्द

अब संगठन नए सिरे से जिला और मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति करेगा. इस संबंध में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि भिलाई में सभी नियुक्तियां निरस्त कर दी गई हैं और जल्द ही नई सूची जारी की जाएगी.

ये भी पढे़ं- CG News: छत्तीसगढ़ के चर्चित DMF घोटाले में पूर्व IAS अनिल टुटेजा को बड़ा झटका, हाई कोर्ट ने जमानत याचिका की खारिज

ज़रूर पढ़ें