‘भूपेश CM बनेंगे, इनको जेल भेजेंगे…’, भाजपा विधायक का कथित ऑडियो वायरल, रेणुका सिंह बोलीं- AI जनरेटेड
विधायक रेणुका सिंह
CG News: छत्तीसगढ़ में सीएम साय के मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाओं के बीच अब भरतपु-सोनहत से विधायक रेणुका सिंह के दो कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं. वायरल ऑडियो में विधायक अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाती और संगठन के नेताओं पर नाराजगी व्यक्त कर रही हैं.
वायरल ऑडियो में सुनाई दे रहा है कि सरकार ऊपर से चल रही है. किसी को भी एक बार सीएम बनाकर तुरंत नहीं हटाया जा सकता, लेकिन ऊपर के लोग भी बहुत ज्यादा खुश नहीं हैं. प्रदेश में फिर से भूपेश बघेल की वापसी होगी और वे ही कांग्रेस के सीएम बनेंगे और इनको जेल भेजेंगे. ऑडियो के सामने आने के बाद रेणुका सिंह ने इसके AI जनरेटेड और फर्जी तरीके से बनाया हुआ बताया है.
दो ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल
ऑडियो वायरल होने का सिलसिला यहीं नहीं रुका, शानिवार को सामने आए पहले 35 सेकेंड के ऑडियो के बाद रविवार को 14 सेकेंड का एक दूसरा कथित ऑडियो भी सामने आया. बताया जा रहा है कि यह ऑडियो भाजयुमो के जिला महामंत्री और विधायक के करीबी रहे पूर्व विधायक प्रतिनिधि मनोज साहू ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
ऑडियो में विधायक का गुस्सा सुनाई दे रहा
इन कथित वायरल ऑडियो में विधायक का गुस्सा साफ सुनाई दे रहा है. वायारल क्लिप में कथित तौर पर कहा जा रहा है कि, अगर वो लडे़गा तो मैं 5 करोड़ रुपये निकालूंगी. आगे कहा गया है कि मेरी जितनी जमा पूंजी है, सब खर्च करूंगा. वहीं इन कथित ऑडियो में मनोज साहू को भी विधायक बेशर्म कह रही है.
भाजयुमो जिला महामंत्री ने की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार में कोरिया भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू ने सीएम साय से विधायक रेणुका सिंह की लिखित शिकायत की थी. इस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र से लगातार गायब रहती हैं और जनता के बीच उपलब्ध नहीं होती हैं.
जिलाध्यक्ष ने महामंत्री को दिया नोटिस
सीएम साय के सामने भाजपा पदाधिकारी द्वारा विधायक के खिलाफ की गई इस टिप्पणी के बाद जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने मनोज साहू को 22 मई को नोटिस जारी किया था और पूरे मामले पर जवाब मांगा था. नोटिस में जिलाध्यक्ष ने कहा था कि यह मामला संगठन के अंदर का है, इस पर संगठन स्तर पर चर्चा की जानी चाहिए थी.
नोटिस के बाद ऑडियो किया वायरल
जिलाध्यक्ष से नोटिस मिलने के बाद मनोज साहू ने विधायक रेणुका सिंह के साथ हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. रेणुका सिंह ने पहले मनोज साहू को सोनहत में विधायक प्रतिनिधि भी बनाया था, लेकिन कुछ समय बाद मनोज साहु ने खुद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
विधायक ने AI जनरेटेड बताया ऑडियो
पूरा मामला सोनहत पुलिस के पास पहुंचा. मामले में रेणुका सिंह ने कहा कि वायरल ऑडियो पूरी तरह से फर्जी है इसकी फोरेंसिक जांच की जानी चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर इसे फैलाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जानी चाहिए. रेणुका सिंह ने इन दोनों ही मांगो के साथ इसे पूरी तरह से Ai जनरेटेड और फर्जी बताया. उन्होंने कहा कि मेरी छवि को खराब करने और नाम बदनाम करने की पूरी साजिश रची जा रही है. मैंने मामले में पुलिस से शिकायत की है.