बालोद में मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की मौत का मामला, ठेकेदार को देना होगा 5 लाख का मुआवजा, मीटिंग में हुआ फैसला
बालोद: मृतक श्रमिकों के परिजनों को ठेकेदार की ओर से 5 लाख का मुआवजा
CG News: (बालोद से डिलेश्वर देवांगन की रिपोर्ट) छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मंगलवार (12 मई) को दर्दनाक खबर सामने आई. पाइपलाइन सीवरेज काम के दौरान दल्लीराजहरा में जमीन धंसने से तीन मजदूरों की मौत हो गई थी. घटना के बाद मौके अफरा-तफरी मच गई. हादसे की जानकारी लगते ही मौके पर हजारों की संख्या में भीड़ पहुंच गई. लगभग 6 घंटे कड़ी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों की लाश को जमीन से बाहर निकल गया.
ठेकेदार को 5 लाख रुपये मुआवजा देना होगा
आक्रोशित परिजनों ने आज बीएसपी अस्पताल के सामने धरना दिया और डेड बॉडी को पोस्टमार्टम घर ले जाने से रोक दिया. इस दौरान छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी भी मृतकों के परिजनों की ओर से प्रदर्शन में शामिल हुए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया, जिसके बाद मृतक के परिजनों के साथ बीएसपी, प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई. जहां ठेकेदार की ओर से 5 लाख रुपए परिजनों को मुआवजा देने की सहमति बनी.
इसके अलावा बीएसपी की ओर से परिजनों को आश्वासन दिया गया कि उनके परिवार के एक सदस्य को ठेका श्रमिक के तौर पर बीएसपी में काम दिया जाएगा. इसके बाद परिजनों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया.
ये भी पढ़ें: CG News: बालोद में बड़ा हादसा, सीवरेज लाइन की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की मौत
निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए थे. उनका कहना है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के गहरे गड्ढे में उतारा गया था. मौके पर ना तो सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई थी और ना ही मिट्टी धंसने से बचाव के जरूरी उपाय किए गए थे.