Bilaspur to Delhi flight: खुशखबरी! अब बिलासपुर से दिल्ली के लिए होगी सीधी उड़ान, जानें कब से शुरू होगी नई हवाई सेवा
फ्लाइट(File Image)
Direct Flight Service Between Bilaspur and Delhi: छत्तीसगढ़ के हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी है. अब बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से देश की राजधानी दिल्ली तक सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. राज्य सरकार और अलायंस एयर द्वारा इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा कर दी गई है.
बिलासपुर से दिल्ली के लिए होगी सीधी उड़ान
नई हवाई सेवा 3 मई से शुरू होगी. लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस सुविधा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है. यह उड़ान न केवल यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी, बल्कि पूरे संभाग के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी.
जानें फ्लाइट का पूरा शेड्यूल
- नई सेवा के तहत फ्लाइट शाम 6:20 बजे दिल्ली से बिलासपुर पहुंचेगी और महज 25 मिनट के अंतराल के बाद 6:45 बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी.
- लगभग ढाई घंटे के सफर के बाद यात्री रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंच सकेंगे.
- शुरुआती दौर में यह सेवा सप्ताह में एक दिन (रविवार) संचालित होगी, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे सप्ताह में दो दिन तक विस्तारित किया जा सकता है.
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
यह उड़ान खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो व्यावसायिक, शासकीय या निजी कार्यों के लिए यात्रा करते हैं. दिनभर का काम निपटाने के बाद शाम को सीधे राजधानी के लिए उड़ान भरना अब संभव होगा. इससे समय की बचत के साथ-साथ यात्रा भी अधिक आरामदायक हो जाएगी.
ये भी पढ़ें- CG Vyapam News: व्यापम ने बदला एग्जाम टाइम, अब सुबह इतने बजे से होंगी परीक्षाएं, यहां करें चेक
शाम के समय उड़ान संचालन का एक बड़ा तकनीकी लाभ भी है. दोपहर की भीषण गर्मी में विमानों को ‘लोड पेनल्टी’ का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी यात्री क्षमता कम हो जाती है, लेकिन शाम के अपेक्षाकृत ठंडे मौसम में यह समस्या नहीं रहती, जिससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा और अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध होगी.