CG News: ASI पर UPI से वसूली का आरोप, पहले सस्पेंड फिर बहाली…कार्रवाई की फाइल कहां अटकी?
बिलासपुर. जिले में पदस्थ एएसआई ढोलाराम मरकाम पर सिम्स चौकी में पोस्टिंग के दौरान साइकिल स्टैंड वाले के यूपीआइ के माध्यम से वसूली के आरोप लगे थे. मामला सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई को सस्पेंड कर दिया था. इसके बाद एएसआई को मस्तूरी थाने में पोस्टिंग दी गई. इस दौरान भी उस पर वसूली के आरोप लगे. जहां से उसे लाइन अटैच किया गया. इधर यूपीआई से वसूली के मामले में जांच के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों के पास भेज दी. इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है. जिसके बाद से अब वसूली करने वाले एएसआई को अभयदान देने की चर्चा चलने लगी है.

सिम्स में चौकी में नवंबर 2025 में एएसआई ढोलाराम मरकाम की पोस्टिंग चौकी प्रभारी के रूप में थी. तब उन पर पीएम कराने के नाम पर वसूली के गंभीर आरोप लगे थे. दो मामले सामने लोरमी क्षेत्र में रहने वाले युवक ने स्वजन का पीएम कराने 20 हजार की वसूली की शिकायत की थी. पीड़ित ने आरोप लगाया कि एएसआई ढोलाराम मरकाम ने जल्दी पीएम कराने के लिए साइकिल स्टैंड संचालक के यूपीआई के माध्यम से 20 हजार रुपये लिए थे. शिकायत मिलने पर अधिकारी इसकी जांच कर रहे थे. इसी दौरान कोटा क्षेत्र के रिगरिगा में रहने वाले युवक ने 500 रुपए के लिए पिता के शव को नहीं देने का आरोप एएसआई ढोलाराम मरकाम पर लगाया. शिकायत सामने आने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई को तत्काल सस्पेंड कर दिया. इसके कुछ दिन बाद उसकी बहाली करते हुए मस्तूरी थाने में पोस्टिंग दी गई. जहां मुर्गी फार्म संचालक से भी वसूली की शिकायत मिली थी. जिसके बाद एएसआई को लाइन अटैच किया गया. इस बीच अब तक एएसआई ढोलाराम मरकाम पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है. बताया जाता है कि जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों के पास भेज दी है. हालांकि, इस मामले में अब तक किसी अंतिम कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है.

यहीं से सवाल और गंभीर हो जाता है. एक ही पुलिसकर्मी के खिलाफ अलग-अलग समय पर शिकायतें सामने आईं. पहले निलंबन हुआ, फिर बहाली हुई, दूसरी पोस्टिंग के दौरान भी शिकायत आई और अब जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई का इंतजार बताया जा रहा है.
क्या विभागीय जांच की कोई समय-सीमा तय है? क्या रिपोर्ट पर निर्णय लिया जा चुका है? अगर नहीं, तो कार्रवाई में देरी की वजह क्या है?
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के यात्रियों के लिए जरूरी खबर, दीपावली और छठ पूजा पर चलेगी स्पेशल ट्रेन, तीन-तीन फेरे लगाएगी…