‘BJP सरकार में अंग्रेज हुकूमत जैसी भावनाएं…’, जयवर्धन सिंह ने NEET पेपर लीक को लेकर भाजपा पर कसा तंज
नीट पेपर लीक के मामले में एमपी के कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
Bilaspur News: मध्य प्रदेश की राघौगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने बिलासपुर पहुंचकर विस्तार न्यूज़ से एक्सक्लूसिव बातचीत की है. उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नीट की परीक्षा को लेकर लगातार आंदोलन करती रहेगी. उनका कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जानबूझकर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. पूरे देश में इस बात की चर्चा है कि नीट एग्जाम के साथ-साथ सीबीएसई की परीक्षा भी लीक हुई है.
बीजेपी नेताओं ने लाखों रुपये कमाए
बातचीत के दौरान कांग्रेस विधायक ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मांग कर रहे हैं कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी निष्पक्ष परीक्षाएं कराए. यही कारण है कि सबसे पहले इस पूरे नीट परीक्षा में घोटाले के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा जा रहा है. कांग्रेस को यदि मौका मिला तो इस पूरी प्रक्रिया को पार्लियामेंट के अधीन किया जाएगा ताकि सब सच सामने आ सके. उन्होंने नीट परीक्षा में भाजपा पर दलाली के आरोप लगाए हैं और कहा है कि नीट की परीक्षा जो रद्द हो गई उसमें प्रति छात्र 50-50 लाख रुपए लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी करोड़ों रुपए की कमाई कर रहे हैं. आने वाले समय में इसका भी पूरा सच सामने लाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: CG News: अंबिकापुर में फायर सेफ्टी मामले में 24 संस्थानों को नोटिस, 1 हफ्ते में मांगा जवाब
‘अंग्रेज हुकूमत जैसी भावनाएं’
इसके साथ उन्होंने कहा है कि बिलासपुर में NSUI ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के बंगले का घेराव किया प्रदर्शन के दौरान जिस तरह से पुलिस ने उनके ऊपर लाठियां चलाकर जुर्म किया, इससे यह बात सामने आ गई है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अंग्रेज हुकूमत जैसी भावनाएं अब सामने आने लगी है. कुल मिलाकर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए NTA के अध्यक्ष प्रदीप जोशी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा की मांग की है.