अब लेट नहीं होगी ये ट्रेन! बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का बदलेगा रैक, तैयारी शुरू
ट्रेन
बिलासपुर. बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के लगातार देरी से चलने की समस्या से परेशान यात्रियों के लिए राहत की खबर है. यात्रियों की ओर से केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएमएस) में लगातार शिकायतें दर्ज कराने के बाद रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के समय पर संचालन के लिए स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेन का रैक बदलने के प्रस्ताव की व्यवहार्यता का परीक्षण शुरू कर दिया है.
बिलासपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कार्यालय की ओर से जारी पत्र में ट्रेन नंबर 22815 बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के देरी से चलने के प्रमुख कारण का उल्लेख किया गया है. इसके मुताबिक इस ट्रेन में इस्तेमाल होने वाला रैक ट्रेन नंबर 22844 आरा-बिलासपुर एक्सप्रेस के रूप में बिलासपुर पहुंचता है. आरा-बिलासपुर एक्सप्रेस के बिलासपुर पहुंचने में अक्सर देरी होती है. इसके बाद उसी रैक को तैयार कर बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के रूप में रवाना किया जाता है. ऐसे में रैक के देरी से पहुंचने का सीधा असर एर्नाकुलम एक्सप्रेस के प्रस्थान पर पड़ता है.
कई मंडलों से जुड़ा है मामला
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस लंबी दूरी की ट्रेन है और कई जोन व रेल मंडलों से होकर गुजरती है. इसलिए इसके परिचालन में होने वाली देरी का समाधान केवल बिलासपुर मंडल के स्तर पर करना आसान नहीं है. यात्रियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने अब रैक बदलने के विकल्प पर काम शुरू किया है.
कोचिंग कंट्रोलर को दी गई जानकारी
रैक बदलने से संबंधित प्रस्ताव की व्यवहार्यता का परीक्षण कराया जा रहा है. इस संबंध में संबंधित कोचिंग कंट्रोलर को भी जानकारी दे दी गई है, ताकि परिचालन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा सकें. रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि नया रैक मिलने से ट्रेन के समय पर रवाना होने में सुधार आएगा और यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही देरी की समस्या से राहत मिलेगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: पेवर ब्लॉक घोटाले पर भिलाई में घमासान, 8 सब इंजीनियर दोषी… 16 लाख की रिकवरी, ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं