पुरानी शिकायत का बदला लेने मेडिकल छात्र का अपहरण कर पीटा, एक घंटे तक कार में बनाया बंधक
बिलासपुर. स्कूल के दिनों में शिक्षक से मिली डांट का बदला लेने के लिए पुराने साथियों ने मेडिकल छात्र को अगवा कर उसके साथ जमकर मारपीट की. आरोपियों ने छात्र को मिलने के बहाने नूतन चौक के पास बुलाया और कार में बैठाकर कोनी क्षेत्र ले गए. यहां करीब एक घंटे तक उसकी पिटाई की. इसके बाद उसे नूतन चौक के पास छोड़कर फरार हो गए. घायल छात्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजनों की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, सरकंडा के नूतन चौक के पास रहने वाले अरिहंत दीक्षित जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में चौथे सेमेस्टर के छात्र हैं. उन्होंने वसंत विहार स्थित डीएवी स्कूल से पढ़ाई की है. इन दिनों दिवाली की छुट्टियों में वे घर आए हुए हैं. मंगलवार शाम उनके मोबाइल पर स्कूल के पुराने साथियों का फोन आया. युवकों ने मिलने के लिए उन्हें नूतन चौक के पास बुलाया. पुराने परिचितों का फोन आने पर अरिहंत अपनी स्कूटी से वहां पहुंच गए. इस दौरान उनके साथी कार लेकर पहुंचे थे.
युवकों ने बातचीत करने के बहाने अरिहंत को कार में बैठा लिया और कोनी क्षेत्र की ओर ले गए. रास्ते में स्कूल के दिनों के पुराने विवाद को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. आरोपियों ने कार के भीतर ही अरिहंत की जमकर पिटाई कर दी. करीब एक घंटे तक मारपीट करने के बाद वे उन्हें नूतन चौक के पास छोड़कर भाग निकले.
टोपी खींचने की शिकायत पर शिक्षक ने लगाई थी डांट
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट के पीछे स्कूल के दिनों का पुराना विवाद सामने आया है. बताया जा रहा है कि पढ़ाई के दौरान कुछ साथियों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी. इस पर उन्होंने शिक्षक से शिकायत कर दी थी. शिक्षक ने टोपी खींचने वाले छात्रों को डांट लगाई थी. इसी बात को लेकर आरोपियों के मन में नाराजगी थी. आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने कई साल बाद इस घटना को अंजाम दिया.
तीन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना के बाद घायल अरिहंत घर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने आरोपी रीतिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और आदित्य सरकार के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. घटना के बाद शहर में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की वारदातों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

