CG News: लखनऊ हादसे के बाद बिलासपुर में फायर सेफ्टी पर सख्ती, कोचिंग संस्थानों को नोटिस, 2 लाइब्रेरी सील
बिलासपुर में 2 लाइब्रेरी सील
CG News: लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और बहुमंजिला भवनों में फायर सेफ्टी की विशेष जांच शुरू कर दी गई है. छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने कई संस्थानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर खामियां मिलने पर दो लाइब्रेरी और दो होटलों को सील कर दिया गया.
संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
राजस्व विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मंगला चौक से उस्लापुर तक संचालित कई शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान दिल्ली आईएएस अकादमी, ऑफिसर्स लाइब्रेरी, उड़ान आईएएस, 24×7 लाइब्रेरी, शिवांश कोचिंग सेंटर और बिलासा लाइब्रेरी सहित कई संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया.
फायर सेफ्टी में मिलीं गंभीर खामियां
निरीक्षण में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकासी मार्ग और भवन की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई. गंभीर कमियां मिलने पर प्रशासन ने शिवाय लाइब्रेरी और भारतीय कृषि कोचिंग इंस्टीट्यूट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. वहीं बिलासा लाइब्रेरी और शारदा लाइब्रेरी को नोटिस जारी कर कमियां दूर होने तक संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
सात दिन का समय, नहीं सुधरे तो होगी कार्रवाई
नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि कई संस्थानों में अग्निशमन उपकरण नहीं थे और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी नहीं मिली. कुछ बड़े कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए सात दिन का समय दिया गया है. तय समय में सुधार नहीं होने पर उन्हें भी सील किया जाएगा.
दो होटल भी किए गए सील
अभियान के दौरान पुराने बस स्टैंड क्षेत्र के होटल रॉयल राम और अशोका इन भी बिना आवश्यक फायर सेफ्टी व्यवस्था के संचालित पाए गए. दोनों होटलों को भी सुरक्षा मानकों का पालन होने तक सील कर दिया गया. प्रशासन का कहना है कि शहरभर में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.