जोन से DG RPF के जाते ही रेलवे स्टेशन में दिखी वेंडरों की गुंडागर्दी, चले लात-घूंसे

बिलासपुर. जोनल स्टेशन गुरुवार को उस समय अखाड़ा बन गया, जब वेंडरों के दो गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले. विवाद इतना बढ़ा कि पहले प्लेटफार्म नंबर एक पर एक पक्ष ने दूसरे के साथ मारपीट की.


Bilaspur Railway Station Vendor Fight Video: बिलासपुर. जोनल स्टेशन गुरुवार को उस समय अखाड़ा बन गया, जब वेंडरों के दो गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले. विवाद इतना बढ़ा कि पहले प्लेटफार्म नंबर एक पर एक पक्ष ने दूसरे के साथ मारपीट की. इसके बाद दूसरा पक्ष प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचा और वहां भी जमकर मारपीट हुई. स्टेशन परिसर में हुए इस हंगामे का वीडियो भी प्रसारित हुआ है, जिससे घटना चर्चा में आ गई.

मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. बता दें कि कुछ दिनों पहले ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के रायपुर रेल मंडल में आरपीएफ का राइजिंग डे मनाया गया था, जिसमें आरपीएफ की डीजी समेत देशभर के 1600 आरपीएफ स्टॉफ शामिल हुए थे. चाक-चौबंध व्यवस्था के बीच जोन के तमाम रेलवे स्टेशन में वेंडरों की एक्टिविटी शांत थीं, लेकिन अब ये फिर से स्टेशनों में एक्टिव होते नजर आ रहे है. (Vendor Groups Clash at Bilaspur Station Shortly After DG RPF’s Zonal Departure, GRP Registers Case)

जोनल स्टेशन के प्लेटफार्म पर खानपान बेचने वाले वेंडरों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. स्टालों में काम करने वाले ज्यादातर वेंडर भिंड- मुरैना क्षेत्र के बताए जाते हैं. इनके बीच प्लेटफार्म पर खाना और नाश्ता बेचने को लेकर अक्सर विवाद होता है. गुरुवार को भी इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि तीन वेंडरों ने एक अन्य वेंडर पर लात-घूंसों से हमला कर दिया. घटना के दौरान प्लेटफार्म पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन रेलवे यात्रियों की सुरक्षा का दावा करने वाली RPF का कोई जवान मौके पर नजर नहीं आया. घटना उस समय हुई, जब प्लेटफार्म नंबर दो पर पटना-चर्लपल्ली एक्सप्रेस खड़ी थी. इसी दौरान एक वेंडर खाना बेच रहा था. तभी दूसरे गुट के तीन वेंडर वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी. इस घटना से प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. मारपीट का Video भी प्रसारित हुआ है. पीड़ित वेंडर ने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. GRP ने मारपीट के आरोपित तीनों वेंडरों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है. तीनों वेंडरों ने आरोप लगाया कि इससे पहले प्लेटफार्म नंबर एक पर उनके साथ मारपीट की गई थी. उन्होंने भी शिकायत दर्ज कराई.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल

 स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर यात्रियों की मौजूदगी के बीच हुई इस मारपीट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस समय प्लेटफार्म पर ट्रेन खड़ी थी और यात्रियों की आवाजाही जारी थी, उस दौरान वेंडरों के बीच खुलेआम लात-घूंसे चलते रहे. ऐसे में सवाल उठता है कि स्टेशन की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले जवानों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटनाओं पर अंकुश कैसे लगेगा. फिलहाल जीआरपी दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur में आज होगा इंडिया-जिम्बाब्वे महिला T20 मैच, महिलाओं की रहेगी फ्री एंट्री

ज़रूर पढ़ें