सिम्स पहुंचे स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री श्‍याम बिहारी, उखड़े फर्श को देख भड़के, बोले- रिपेयरिंग के लिए सरकारी फंड का इंतजार न करें

CG News: मंत्री अस्‍पताल में व्‍यवस्‍थाओं को देखकर प्रबंधन पर नाराज होते दिखाई दिए. अस्‍पताल के सर्जिकल वार्ड के सामने की फर्श उखड़ी मिली तो उसे तुरंत ठीक करने के लिए प्रबंधन को निर्देश दिए गए.
Health Minister Shyam Bihari Jaiswal met patients at SIMS.

स‍िम्स में मरीजों से मिले स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री श्‍याम बिहारी जायसवाल

CG News: बिलासपुर के सिम्स अस्‍पताल में औचक निरीक्षण के लिए सुबह-सुबह स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री श्‍याम बिहारी जायसवाल पहुंच गए. मंत्री अस्‍पताल में व्‍यवस्‍थाओं को देखकर प्रबंधन पर नाराज होते दिखाई दिए. अस्‍पताल के सर्जिकल वार्ड के सामने की फर्श उखड़ी मिली तो उसे तुरंत ठीक करने के लिए प्रबंधन को निर्देश दिए गए. इसके अलावा मरीजों को स्‍ट्रेचर से लेकर जाने के लिए सभी जरूरी जगहों पर स्‍लोप बनाने को कहा गया.

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि अस्‍पताल भवन में जिन भी जगहों पर मरम्मत की आवश्‍यकता है, वहां काम के लिए केवल सरकारी फंड का इंतजार न करें. मंत्री श्‍याम बिहारी जायसवाल ने स्‍वशासी समिति से अनुमोदन लेकर सभी जरूरी कामों को तत्काल प्रभाव से पूरा कराने के निर्देश दिए.

1956 में बनी थी बिल्डिंग

बिलासपुर में सिम्स मी स्‍थापना साल 2000 में की गई थी. इसके लिए 1956 में बनी बिल्डिंग को जिला अस्‍पताल भवन बनाया गया था. समय के साथ पुराना भवन आउटडेटेड हो चुका है. बाद में निर्मित किए गए भवनों में भी कई जगहों पर मरम्मत और सुधार की आवश्‍यकता है. अस्‍पताल प्रबंधन के अनुसार, इन सभी कार्यों के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये का प्रस्‍ताव शासन को भेज दिया गया है.

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने इन वार्ड का भी किया निरीक्षण

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री श्‍याम बिहारी जायसवाल ने अचानक अस्‍पताल पहुंचकर निरीक्षण किया. मंत्री के अचानक आने से प्रबंधन में हलचल मच गई. उन्‍होंने अस्‍पताल के कैजुअल्‍टी, सर्जिकल, लेबर समेत कई वार्डों का निरीक्षण किया. मंत्री श्‍याम बिहारी ने अस्‍पताल में भर्ती मरीजों से भी सीधे बातचीत की और इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, जांच समेत कई अन्‍य सुविधाओं के बारे में लोगों से जानकारी ली.

मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली

अस्‍पताल निरीक्षण के समय एक मरीज ने मंत्री श्‍याम बिहारी से कहा कि उसे दवा, इलाज और अन्‍य जरूरी सुविधाएं अस्‍पताल में ही मिल रही है. मरीज से मिले फीडबैक के बाद मंत्री ने संतोष जताया. वहीं श्‍याम बिहारी जायसवाल ने अस्‍पताल के डीन.डॉ. रमणेश मूर्ति और अधीक्षक डॉ. लखन सिंह से अस्‍पताल की व्‍यवस्‍थाओं को लेकर चर्चा भी की. इस दौरान मंत्री ने अस्‍पताल के सभी वार्डों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाओं की जानकारी भी ली.

ये भी पढे़ं- PCC चीफ दीपक बैज ने स्वास्थ्य मंत्री को दी खुली चुनौती, क्या स्वीकार करेंगे श्याम बिहारी जायसवाल ?

ज़रूर पढ़ें