कोरबा वाले सावधान! मूसलाधार बारिश से उफान पर हसदेव नदी, दर्री बांध से पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों को खाली कराने का अलर्ट
कोरबा: जलस्तर बढ़ने के बाद दर्री बांध के गेट खोले गए
Korba Darri Dam: सरगुजा और बिलासपुर संभाग समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है. मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. लगातार हो रही झमाझम बारिश की वजह से कोरबा जिले के नदी-नाले उफान पर हैं. हसदेव नदी में भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. जिला प्रशासन ने निचले इलाके में रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया है.
दर्री बांध के गेट खोले गए
हसदेव नदी पर स्थित दर्री बांध में जलस्तर बढ़ने के बाद गेट नंबर 4 को खोल दिया गया है. सहायक नदी तान से पानी की आवक ज्यादा होने से बांध में पानी बढ़ गया है. गेट खुलने के बाद जल का प्रवाह बढ़ गया. इस वजह से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. जिला प्रशासन और जिला आपदा राहत दल को निचले इलाके खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं. लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की बात कही गई है. मौसम विभाग के अनुसार कोरबा में 1 जून से 7 जुलाई 2026 के बीच 260.48 मिमी बारिश हो चुकी है.
बांगो बांध की बात की जाए तो बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार 1 जून 2026 को इसमें मात्र 51.23 प्रतिशत पानी शेष था. मानसून के सक्रिय होने के बाद ये बढ़कर 60.40 फीसदी हो गया है. प्रशासन के द्वारा निचले इलाकों में लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कराई जा रही है, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति में जन-धन की हानि ना हो.
कोरबा में हेवी रेनफॉल का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मानसून का सिस्टम सक्रिय बना हुआ है. सरगुजा से लेकर बस्तर संभाग तक बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 17 जिलों में हेवी रेनफॉल का यलो अलर्ट जारी किया गया है. कोरबा में भी गरज चमक के साथ बारिश चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है.