CG News: बिलासपुर में रविवार को पल्स पोलियो अभियान, 2.78 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएंगी जीवनरक्षक दो बूंद

CG News: बिलासपुर जिले में 28 जून, रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान जन्म से लेकर 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी.
Representative image

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: बिलासपुर जिले में 28 जून, रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान जन्म से लेकर 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी. अभियान के पहले दिन जिलेभर में विशेष पोलियो बूथों पर बच्चों को खुराक दी जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे.

पोलियो मुक्त भारत को सुरक्षित रखने पर जोर

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भारत वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन कुछ पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं. इसी वजह से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और देश की पोलियो मुक्त स्थिति को बनाए रखने के उद्देश्य से हर वर्ष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाता है.

1530 बूथों पर पिलाई जाएगी दवा

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1,530 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं. ये बूथ जिला अस्पताल, सिम्स, सभी शासकीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित होंगे. इस बार जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2 लाख 78 हजार 149 बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.

मोबाइल टीमों की भी रहेगी तैनाती

इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट-भट्ठों, कोयला भट्ठों, निर्माण स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष मोबाइल टीमों की भी तैनाती की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए.

सीएमएचओ ने अभिभावकों से की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो रोधी दवा की दो बूंद जरूर पिलाएं.

ये भी पढे़ं- Raipur: पुराने नल कनेक्शन को वैध कराने के लगेंगे 20 हजार, नया 10 हजार में मिलेगा, कांग्रेस बोली- 600 रुपये में मिलता था पहले कनेक्शन

ज़रूर पढ़ें