बिलासपुर: स्कूल के खेल मैदान में बिछा दिया रेलवे स्लीपरों का नुकीला मलबा, छह महीने से बच्चे खेलने को मजबूर

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम पंचायत घुटकू स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय स्कूल का खेल मैदान इन दिनों बच्चों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है.
Railway sleeper debris dumped on school grounds

स्‍कूल के मैदान में बिछा दिया रेलवे का स्‍लीपर मलबा

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम पंचायत घुटकू स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय स्कूल का खेल मैदान इन दिनों बच्चों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. मैदान में रेलवे के पुराने स्लीपरों को तोड़कर उनका नुकीला मलबा बिछा दिया गया है. इससे बच्चों के खेलने की जगह पूरी तरह खत्म हो गई है. जिस मैदान में विद्यार्थी मध्यांतर के दौरान खेलते थे, वहीं गांव के बच्चे सुबह और शाम क्रिकेट खेलने पहुंचते थे.

अब पूरे मैदान में पत्थरों और स्लीपरों के टुकड़ों का ढेर लगा है. बताया जा रहा है कि पिछले करीब छह महीने से मैदान की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन इसे ठीक कराने के लिए अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

गर्मी की छुट्टियों में डाला गया था मलबा

जानकारी के मुताबिक, गर्मी की छुट्टियों के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच तिलक वर्मा ने रेलवे के पुराने स्लीपर तुड़वाकर उनका मलबा स्कूल के मैदान में डलवाया था. बताया गया कि मैदान में मौजूद गड्ढों को भरने के लिए रेलवे ठेकेदार को इसकी अनुमति दी गई थी. स्कूल की बाउंड्रीवाल टूटी होने के कारण ट्रैक्टर के जरिए मैदान में मलबा पहुंचाया गया. हालांकि, गड्ढे भरने के लिए डाली गई सामग्री को हटाकर मैदान को समतल नहीं कराया गया. इसके चलते अब यहां दूर तक नुकीले पत्थर और स्लीपरों के टुकड़े बिखरे पड़े हैं.

बच्चों के खेल और मनोरंजन पर लगा विराम

मैदान की बदहाली का सीधा असर स्कूली बच्चों और गांव के युवाओं पर पड़ा है. पहले विद्यार्थी लंच ब्रेक के दौरान मैदान में दौड़ते और खेलते थे. स्कूल की छुट्टी के बाद भी गांव के बच्चे यहां क्रिकेट खेलने के लिए जुटते थे. लेकिन मलबा बिछने के बाद मैदान में खेलना जोखिम भरा हो गया है. जमीन पर फैले नुकीले टुकड़ों और ऊबड़-खाबड़ सतह के कारण बच्चों को चोट लगने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में बच्चे अपनी खेल गतिविधियों से दूर हो गए हैं.

प्राचार्य ने कई बार की मैदान सुधारने की मांग

स्कूल के प्राचार्य मनोज देवांगन ने मैदान से मलबा हटवाने और उसे दोबारा खेलने लायक बनाने के लिए कई बार सरपंच से आग्रह किया. बताया गया कि सरपंच ने मैदान में मिट्टी डालकर उसे समतल कराने का आश्वासन दिया था. इसके बावजूद करीब छह महीने बीतने के बाद भी मैदान की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है. स्कूल परिसर में खेल के लिए उपलब्ध इस जगह का इस्तेमाल नहीं हो पाने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है.

तालाब की मिट्टी से समतल कराने का आश्वासन

इस मामले में सरपंच तिलक वर्मा का कहना है कि मैदान के गड्ढे भरने के उद्देश्य से रेलवे ठेकेदार को पुराने स्लीपरों का मलबा डालने की अनुमति दी गई थी. उनके मुताबिक, बरसात के मौसम में मिट्टी डालकर मैदान को समतल कराना संभव नहीं हो सका. अब गांव के तालाब की खुदाई से निकलने वाली मिट्टी का इस्तेमाल कर मैदान को पाटने और समतल कराने की योजना है.

अधिकारियों ने दिए कार्रवाई के निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने स्कूल के खेल मैदान में मलबा डाले जाने को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि मैदान से मलबा हटवाने के लिए जनपद पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा. साथ ही मैदान को दोबारा खेल के योग्य बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा कराने की बात कही है.

क्या होते हैं रेलवे स्लीपर?

रेलवे ट्रैक में पटरियों के नीचे आड़े रखे जाने वाले लकड़ी, कंक्रीट या अन्य सामग्री से बने मजबूत आधार को स्लीपर कहा जाता है. इनका काम पटरियों के बीच की दूरी बनाए रखना और ट्रेन का भार जमीन तक पहुंचाना होता है. पुराने या अनुपयोगी स्लीपरों को बदल दिया जाता है. हालांकि, ऐसे स्लीपरों को तोड़कर उनका नुकीला मलबा स्कूल के खेल मैदान में छोड़ देना बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें