Bilaspur News: सिम्स में एमबीबीएस की सभी 150 सीटें फुल, पीजी की 91 सीटों पर प्रवेश शुरू

Bilaspur News: बिलासपुर. छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की सभी 150 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है.
MP Junior Doctors Stipend

प्रतीकात्मक तस्वीर

Bilaspur News:  बिलासपुर. छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की सभी 150 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है. सोमवार को ऑल इंडिया कोटे की तीसरे चरण की काउंसिलिंग के अंतिम दिन बची हुई सीटों पर भी दाखिले की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई. इसके साथ ही सिम्स ने एमबीबीएस की सभी सीटें भरने का लक्ष्य हासिल कर लिया है. अब संस्थान में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की 91 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. 

काउंसिलिंग समिति के अनुसार, एमबीबीएस की कुल 150 सीटों में ऑल इंडिया कोटे की 22 सीटें शामिल हैं. इनमें से तीन सीटें अंतिम दिन तक रिक्त थीं, जिन पर अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया. वहीं, भारत सरकार के कोटे की चार सीटों में बची एक सीट पर भी दाखिला पूरा हो गया. इसके साथ ही एमबीबीएस की सभी सीटें भर गई हैं. एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिम्स प्रबंधन ने पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तैयारी शुरू कर दी है. सोमवार से ऑल इंडिया कोटे की पीजी सीटों के लिए दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश संबंधी प्रक्रिया प्रारंभ की गई. इस सत्र में पीजी की कुल 91 सीटें निर्धारित हैं. इनमें 48 सीटें स्टेट कोटा और 43 सीटें ऑल इंडिया कोटा के लिए है. इन सीटों पर देश और प्रदेश के योग्य चिकित्सकों को प्रवेश दिया जाएगा.

इन विषयों में उपलब्ध हैं सीटें

सिम्स में पीजी पाठ्यक्रमों के तहत जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, एनेस्थीसियोलॉजी, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ईएनटी, डर्मेटोलॉजी, रेडियो डायग्नोसिस, कम्युनिटी मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन, बायोकेमिस्ट्री, साइकेट्री, एनाटॉमी और रेस्पिरेटरी मेडिसिन सहित विभिन्न विषयों में सीटें उपलब्ध हैं. इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से चिकित्सकों को विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा.

चिकित्सा शिक्षा के लिए उपलब्धि

सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के मुताबिक एमबीबीएस की सभी सीटों पर प्रवेश पूरा होना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. वहीं, पीजी प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से विशेषज्ञ चिकित्सक तैयार करने की दिशा में भी आगे की प्रक्रिया तेज होगी. पीजी सीटों पर प्रवेश के बाद विभिन्न चिकित्सा विषयों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है. एमबीबीएस की सभी 150 सीटें भर गई हैं. पीजी की सीटों के लिए ऑल इंडिया कोटे के तहत काउंसिलिंग शुरू हो गई है. वर्तमान में ऑल इंडिया कोटे की 43 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः ‘रिपोर्ट कार्ड’ का खौफ सुस्त भाजपा नेताओं की बढ़ी धड़कनें… नेताओं को अब दफ्तर छोड़ मैदान में उतरना होगा

ज़रूर पढ़ें