CG News: शराबी शिक्षक ने स्‍कूल को बनाया ‘मयखाना’! बच्‍चों के बीच पी शराब, शिक्षा व्‍यवस्‍था पर उठे सवाल

CG News: छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों से सामने आए मामलों ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Drunken teacher

शराबी शिक्षक

CG News: छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों से सामने आए मामलों ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कबीरधाम जिले में एक शिक्षक पर स्कूल परिसर में शराब पीने का आरोप लगा है, जबकि जांजगीर-चांपा जिले में एक शिक्षक और शिक्षिका से जुड़ा कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है. दोनों मामलों ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

कबीरधाम में शिक्षक पर गंभीर आरोप

पहला मामला कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम तेलियापानी लेदरा का है. यहां पदस्थ शिक्षक सुरेश कुमार नेताम पर आरोप है कि उन्हें स्कूल परिसर में शराब का सेवन करते हुए देखा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह का व्यवहार न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भी गलत संदेश जाता है. ग्रामीणों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

जांजगीर-चांपा में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

दूसरा मामला जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड से जुड़ा है. यहां पदस्थ एक शिक्षक और शिक्षिका का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई है. अभिभावकों, ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. हालांकि प्रशासन और शिक्षा विभाग ने अब तक वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी भी दावे को सही मानना उचित नहीं होगा.

शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी और तथ्यात्मक जांच कराई जा रही है, जबकि कबीरधाम के मामले में भी आरोपों की जांच की जा रही है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें.

आरोप सही मिलने पर होगी कार्रवाई

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों की जानकारी विभाग के संज्ञान में है और नियमानुसार जांच की जा रही है. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है और शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

ये भी पढे़ं- CG News: मैनपाट के उरंगा में कागजों में दिखा विकास कार्य, डस्टबिन खरीदी और निर्माण कार्यों में लाखों रुपये का घोटाला

ज़रूर पढ़ें