CG News: तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर छत्तीसगढ़ में जश्न, कार्यकर्ताओं ने खुशी में लगाए ‘झालमुड़ी, ममता ‘उड़ी’ के लगे नारे
तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर छत्तीसगढ़ में जश्न
CG News: पांच राज्यों के चुनावी रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती नजर आ रही है. पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में दिखाई दे रही है. हालांकि अंतिम परिणाम आना अभी बाकी है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है. छत्तीसगढ़ में भी इसका असर साफ दिखा, जहां विभिन्न जिलों में भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया. रायपुर स्थित एकात्म परिसर में कार्यकर्ताओं ने खास अंदाज में झालमुड़ी खाकर जीत की खुशी साझा की और देशभक्ति गीतों के साथ माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया.
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा जनता बदलाव चाहती थी
बलरामपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती थी और अब उन्हें राहत मिलेगी. उन्होंने असम में भी भाजपा की वापसी का भरोसा जताया और इसे जनता के विश्वास का परिणाम बताया.
रायपुर और बिलासपुर में जश्न
रायपुर में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महापौर मीनल चौबे ने इसे विचारधारा की जीत बताया. उन्होंने कहा कि बंगाल में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिल रहा है. वहीं बिलासपुर में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और नाच-गाकर जश्न मनाया. वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और संगठन की ताकत का नतीजा है. उन्होंने बंगाल में बदलाव और असम में विकास की गति जारी रहने की बात कही.
जिलों में भी दिखा उत्साह
मुंगेली में भाजपा कार्यालय पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल की थाप पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए. बिलासपुर के बेलतरा क्षेत्र में विधायक सुशांत शुक्ला के कार्यालय में ‘झालमुड़ी पार्टी’ का आयोजन हुआ, जहां जमकर आतिशबाजी की गई.
‘झालमुड़ी’, मामता उड़ी के नारे
रायपुर में ‘झालमुड़ी, ममता उड़ी’ जैसे नारे गूंजते रहे. एक स्थानीय विक्रेता ने बताया कि उसने 200 से ज्यादा प्लेट झालमुड़ी बेची हैं. उसने खुशी जताते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की संभावना से वह बेहद उत्साहित है.
ये भी पढे़ं- बंगाल-असम में भाजपा की जीत पर सीएम साय ने दी बधाई, बोले- विकसित भारत के संकल्प पर जनता के भरोसे की जीत