CG Assembly Special Session Highlights: महिला आरक्षण बिल पर सदन में हंगामा, विपक्ष ने कहा- चुनाव हारने का था डर, सत्ता पक्ष के विधायकों ने दिया जवाब
छत्तीसगढ़ विधानसभा
CG Assembly Special Session Live: आज छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र हो रहा है. सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है. इस सत्र में महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी.
महिला आरक्षण बिल पर सदन में हंगामा
आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष के हंगामे के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के लिए शासकीय संकल्प प्रस्ताव पेश किया. आंसदी ने चर्चा के लिए 4 घण्टे का समय निर्धारित किया. मुख्यमंत्री साय के प्रस्ताव के बाद नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत अशासकीय संकल्प प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे आसंदी ने अग्राह्य कर दिया. इस पर डॉ. महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री तो निंदा प्रस्ताव लाने वाले थे, लेकिन यह शासकीय संकल्प प्रस्ताव तो निंदा पर नहीं है.
500 महिला जनप्रतिनिधियों ने देखी सदन की कार्यवाही
विधानसभा की दर्शक दीर्घा पूरी तरह महिला शक्ति से भरी नजर आई. प्रदेशभर से निगम, पालिका, जिला पंचायत और जनपद पंचायतों की करीब 500 महिला जनप्रतिनिधि मौजूद रहीं. इसके अलावा हजारों महिलाएं सदन की कार्यवाही देखने पहुंचीं. यह दृश्य न केवल नारी जागरूकता का प्रतीक था, बल्कि राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी स्पष्ट संदेश दे गया.
इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया कि महिला आरक्षण पर राजनीतिक सहमति तो है, लेकिन क्रियान्वयन के तरीके और समय-सीमा को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच मतभेद बरकरार हैं. सदन के भीतर जहां महिला आरक्षण पर जोरदार बहस हुई, वहीं बाहर इसे लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.