CG Census Update: जनगणना के दौरान छुट्टी और मुख्यालय छोड़ने पर सख्ती, इस जिले के कलेक्टर ने जारी किए कड़े निर्देश
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
Dhamtari Census 2027 Preparations: छत्तीसगढ़ में 1 मई से जनगणना शुरु होने वाली है. जिसे लेकर प्रदेश भर में तैयारियां पूरी कर ली है. धमतरी जिले में प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अबिनाश मिश्रा ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. आदेश के अनुसार, निर्धारित अवधि के दौरान बिना अनुमति छुट्टी पर जाने और मुख्यालय छोड़ने पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है.
1 मई से शुरू होगी जनगणना
छत्तीसगढ़ में 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का काम किया जाएगा. इस कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है. कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जनगणना के दौरान नहीं मिलेगी छुट्टी
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जनगणना के काम में नियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बिना कलेक्टर की पूर्व अनुमति के न तो छुट्टी पर जाएंगे और न ही अपने मुख्यालय को छोड़ेंगे. यदि किसी विशेष परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता होती है, तो संबंधित कर्मचारी को जिला जनगणना शाखा के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करना होगा, जिसके बाद ही उस पर विचार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- CG Board Result 2026: इस दिन आएगा सीजी बोर्ड के 10वीं-12वीं का रिजल्ट! यहां जानें चेक करने का पूरा प्रोसेस
इतना ही नहीं, जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की छुट्टी पूर्व में उनके कार्यालय प्रमुख द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है, उन्हें भी अब पुनः जिला जनगणना शाखा के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी से अनिवार्य रूप से अनुमति प्राप्त करनी होगी. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना पुनः अनुमोदन के पूर्व स्वीकृत अवकाश मान्य नहीं होगा.