35 Women Held Hostage Jharkhand: झारखंड में नौकरी का झांसा देकर छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को बंधक बनाने का मामला सामने आया है, जिसमें दुर्गूकोंदल क्षेत्र की कई युवतियां शामिल है. उसी में से एक लड़की ने गुहार लगाई जिससे प्रशासन हरकत में आ गया है.
वहीं युवतियों को जबरन काम कराने और प्रताड़ित किए जाने की सूचना पर झारखंड पुलिस ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है. अब सभी की निगाहें उन बेटियों की सुरक्षित वापसी पर टिकी हैं.
नौकरी का झांसा देकर लड़कियों को बनाया बंधक
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्गुकोंदल क्षेत्र सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों की लगभग 35 युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया था. वहां पहुंचने के बाद उन्हें गढ़वा जिले में कथित रूप से बंधक बनाकर जबरन काम कराया जा रहा था.
जानें कैसे हुआ खुलासा?
- इस मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम खुटगांव की एक युवती ने किसी तरह मोबाइल के जरिए अपने गांव के परिचित युवक को संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई.
- युवती ने बताया कि, कई लड़कियां वहां फंसी हुई हैं और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिल पा रहा है.
- घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी ने तत्काल अपनी युवा टीम के माध्यम से झारखंड में संपर्क स्थापित किया और पूरे मामले से स्थानीय प्रशासन व सरकार को अवगत कराया.
- उनकी पहल के बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की.
