CG News: छत्तीसगढ़ में हाईटेक हुआ डायल-112, अब पूरे प्रदेश में मिलेगी एक कॉल पर इमरजेंसी मदद

CG News: नई व्यवस्था के तहत अब पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल सहायता, महिला हेल्पलाइन और चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी सभी जरूरी सेवाएं एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध होंगी.
Dial-112

डायल-112

CG News: छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए ‘डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन’ सेवा की शुरुआत कर दी गई है. रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. नई व्यवस्था के तहत अब पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल सहायता, महिला हेल्पलाइन और चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी सभी जरूरी सेवाएं एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध होंगी.

पूरे प्रदेश में लागू हुई सेवा

राज्य सरकार ने डायल-112 सेवा का विस्तार करते हुए इसे अब छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में लागू कर दिया है. पहले यह सुविधा केवल 16 जिलों तक सीमित थी. रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के लिए 33 और ग्रामीण इलाकों के लिए 21 नए इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर त्वरित सहायता के लिए 4 विशेष हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात किए गए हैं.

आधुनिक तकनीक से लैस हैं वाहन

नई गाड़ियों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इनमें जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, रियल टाइम ट्रैकिंग, कॉल रिकॉर्डिंग और स्मार्ट कंट्रोल सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं. पुलिस विभाग का दावा है कि सूचना मिलने के बाद 10 मिनट से कम समय में मदद पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है. गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘एक्के नंबर- सब्बो बर’ की सोच के साथ शुरू की गई यह व्यवस्था लोगों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग नंबर याद रखने की परेशानी से राहत देगी.

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले, कलेक्टर गौरव कुमार और ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 का उपयोग करने की अपील की है.

दुर्ग जिले में भी बढ़ी हाईटेक सुविधाएं

वहीं दुर्ग जिले में भी डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन परियोजना के तहत पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाया गया है. दुर्ग पुलिस को 35 नए इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं. इन वाहनों का शुभारंभ भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव ने किया.

कंट्रोल रूम से होगी सीधी निगरानी

इन वाहनों में जीपीएस सिस्टम, पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे कंट्रोल रूम से सीधी निगरानी और घटनास्थल तक तेजी से पहुंच संभव हो सकेगी. कार्यक्रम में विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर नीरज पाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

सरकार ने सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और नई तकनीक से लैस डायल-112 सेवा संकट की स्थिति में लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि सड़क हादसे, अपराध, मेडिकल इमरजेंसी और आगजनी जैसी घटनाओं में अब पुलिस और अन्य आपात सेवाएं पहले से अधिक तेजी से मौके पर पहुंच सकेंगी.

ये भी पढे़ं- CG News: गृहमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान, रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर में भी लागू होगा कमिश्नरेट

ज़रूर पढ़ें