BSP के 17 हजार ठेका श्रमिकों को मिलेगा केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान, 1 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
भिलाईनगर. भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में कार्यरत करीब 17 हजार ठेका श्रमिकों को 1 नवंबर 2026 से केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान का लाभ मिलेगा. महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने अपनी इकाइयों में कार्यरत ठेका श्रमिकों को केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान देने की पहल की है. इसके तहत श्रमिकों की कुशलता और कार्य की प्रकृति के आधार पर प्रतिदिन 704 रुपए से लेकर 1024 रुपए तक की न्यूनतम मजदूरी निर्धारित की गई है.
नई दरों के अनुसार, अनस्किल्ड श्रमिकों को 704 रुपए, सेमी स्किल्ड को 794 रुपए, स्किल्ड को 933 रुपए और हाईली स्किल्ड श्रमिकों को 1024 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे. वहीं, स्वीपिंग और क्लीनिंग कार्य के लिए 704 रुपए, बिना हथियार वाले सुरक्षा गार्ड को 933 रुपए और हथियार सहित गार्ड को 1024 रुपए प्रतिदिन देने का प्रावधान है.
सेल की विभिन्न इकाइयों में हजारों ठेका श्रमिक लंबे समय से केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान लागू करने की मांग कर रहे थे. इस मांग पर कंपनी ने परिपत्र जारी करना शुरू कर दिया है. इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर में 17 नवंबर को इस संबंध में परिपत्र जारी किया गया है. BSPमें भी जल्द ही परिपत्र जारी होने की संभावना है. इससे संयंत्र के करीब 17 हजार ठेका श्रमिकों को लाभ मिलेगा.
हाईली स्किल्ड को मिलेंगे करीब 25 हजार रुपए प्रतिमाह
नई दरों के हिसाब से हाईली स्किल्ड श्रमिक को प्रतिमाह करीब 25 हजार रुपए तक न्यूनतम वेतन मिल सकता है. श्रमिकों का मासिक वेतन उनकी कुल उपस्थिति के दिनों के आधार पर निर्धारित होगा. यानी दैनिक न्यूनतम वेतन को महीने में काम किए गए दिनों से गुणा करके भुगतान की गणना की जाएगी. इसके अलावा जिन ठेका श्रमिकों को पहले से निर्धारित दरों के अनुसार इससे अधिक वेतन मिल रहा है, उन्हें वेतन सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा. केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान में समय-समय पर संशोधन होने पर उसका लाभ भी श्रमिकों को मिलेगा.
ईपीएफ, ईएसआई और बोनस का भी मिलेगा लाभ
नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों के तहत ठेका श्रमिकों को भविष्य निधि, चिकित्सा सुविधा, बोनस और ग्रेच्युटी जैसे लाभ भी मिलेंगे. ईपीएफ के तहत नियोक्ता को कर्मचारी के मूल वेतन का 12 प्रतिशत अंशदान जमा करना होगा. वहीं, 21 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन पाने वाले पात्र श्रमिकों को ईएसआईसी के माध्यम से चिकित्सा सुविधा मिलेगी. साल में कम से कम 30 दिन काम करने वाले श्रमिकों को नियमानुसार 8.33 से 20 प्रतिशत तक बोनस का अधिकार होगा. इसी तरह पांच साल की निरंतर सेवा पूरी करने पर ग्रेच्युटी का प्रावधान भी लागू होगा.
एस-1 ग्रेड वेतनमान की मांग अब भी अधूरी
ठेका श्रमिकों को केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान मिलने के बावजूद नियमित कर्मचारियों के एस-1 ग्रेड के बराबर वेतन देने की मांग अब तक पूरी नहीं हुई है. नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील (एनजेसीएस) में शामिल ईंटक, सीटू, एटक, एचएमएस और बीएमएस सहित केंद्रीय यूनियनें लगातार यह मांग उठाती रही हैं. यूनियनों का तर्क है कि उत्पादन में ठेका श्रमिकों का योगदान नियमित कर्मचारियों के बराबर है, इसलिए उन्हें भी एस-1 ग्रेड का वेतनमान मिलना चाहिए.
ठेका श्रमिकों की छंटनी की आशंका
दूसरी ओर, सेल प्रबंधन पर इस्पात मंत्रालय की ओर से सभी इकाइयों में मानव संसाधन और उत्पादन लागत कम करने का दबाव है. इसके तहत ठेका श्रमिकों की संख्या में भी कमी करने के निर्देश दिए गए हैं. ऐसे में केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान लागू होने के बाद ठेका श्रमिकों की संख्या घटाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है. माना जा रहा है कि वेतन पर बढ़ने वाले आर्थिक भार को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ठेका श्रमिकों की संख्या कम कर सकता है.
सेल में सबसे अधिक ठेका श्रमिक BSP में
सेल के रिकॉर्ड के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को कंपनी की सभी इकाइयों में कुल 68,066 ठेका श्रमिक कार्यरत थे. इनमें सबसे अधिक 16,938 ठेका श्रमिक भिलाई इस्पात संयंत्र में दर्ज किए गए थे. संयंत्र में सबसे ज्यादा ठेका श्रमिक वर्क्स एरिया में कार्यरत हैं. इसके बाद प्रोजेक्ट्स, माइनिंग और नॉन वर्क्स एरिया का स्थान है.

