Vistaar NEWS

Durg News: भिलाई ट्रांसपोर्ट नगर में कबाड़ी गोदाम पर छापा, ट्रेलर में मिलीं BSP की रेल पटरियां

durg news

दुर्ग

Durg News: भिलाई के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कबाड़ी गोदाम में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया. वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की शिकायत के बाद पुलिस टीम ने सुरेश पांडे के कबाड़ी गोदाम में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान गोदाम परिसर में खड़े एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में रेल पटरियां, एंगल और लोहे की छड़ें बरामद होने की जानकारी सामने आई है. इन रेल पटरियों को भिलाई इस्पात संयंत्र का बताया जा रहा है.

पुलिस ने दस्तावेज खंगालने किए शुरू

दरअसल पुलिस को आशंका है कि पटरियों को बीएसपी से लाकर कबाड़ी गोदाम में कटवाने की तैयारी की जा रही थी. हालांकि, यह स्क्रैप किस प्रक्रिया के तहत गोदाम तक पहुंचा, इसका स्वामित्व किसके पास है और इसे काटने के लिए वैध अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने पटरियों से जुड़े परिवहन और स्वामित्व के दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए हैं.

गोदाम संचालक फरार है

वहीं क्राइम डीएसपी यदुमणि सिद्धार्थ ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोदाम में दबिश दी. यहां बड़ी मात्रा में स्क्रैप, एंगल, पटरी और लोहे की छड़ें मिली हैं. गोदाम संचालक सुरेश सिंह फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है. साथ ही स्क्रैप के सोर्स और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि बरामद रेल पटरियां बीएसपी से किस तरह गोदाम तक पहुंचीं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.

वहीं वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन भी मौके पर मौजूद रहे. विधायक ने कहा कि बीएसपी में लोहा चोरी का मामला सामने आने के बाद से वह लगातार इस मामले पर नजर रख रहे हैं. उनका दावा है कि करीब 10 हजार करोड़ रुपये का लोहा चोरी हो चुका है. उन्होंने बताया कि सुबह बीएसपी का लोहा चोरी होने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल एसएसपी विजय अग्रवाल को जानकारी दी गई और पुलिस ने कार्रवाई की.

Exit mobile version