CG Arakshak Bharti: कब होगी 1600 पदों पर भर्ती..? कवर्धा में अभ्यर्थियों का धरना, सीएम से मुलाकात की मांग पर अड़े
cg arakshak bharti / image source: vistaar news input
CG Arakshak Bharti: कवर्धा: छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और शेष 1600 रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर कवर्धा में अभ्यर्थियों का आंदोलन रविवार को उग्र हो गया. तीन दिनों से सड़क पर डटे अभ्यर्थियों ने कभी रात सड़क पर बिताई, कभी भजन गाए, ढोल-नगाड़े बजाए और मुंडन कराकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की.
गृह मंत्री ने की अभ्यर्थियों से बातचीत
रविवार देर शाम उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से मिलने पहुंचे. बातचीत के दौरान गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया और यहां तक कहा कि मुख्यमंत्री से भी उनकी बातचीत कराने की कोशिश की जाएगी. लेकिन अभ्यर्थी ठोस आश्वासन की मांग पर अड़े रहे. बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने अपने अपने तर्क रखे और आखिरकार सहमति नहीं बन सकी.
गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव
इसके बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने गृह मंत्री के कार्यालय को घेर लिया. गेट के सामने बैठकर और लेटकर जमकर नारेबाजी की गई.ढोल-नगाड़ों की थाप और फिल्मी गानों के बीच देर रात तक अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा.
1600 पदों पर भर्ती चाहते हैं आंदोलनकारी
हंगामे के बीच गृह मंत्री का वाहन और कई कार्यकर्ता कार्यालय के अंदर ही फंस गए. अभ्यर्थियों की मांग है कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनसे सीधे बातचीत कर शेष 1600 पदों पर भर्ती को लेकर स्पष्ट निर्णय दें. आंदोलनकारी बाजे-गाजे के साथ देर रात तक गृह मंत्री के स्थानीय कार्यालय के गेट पर डटे हुए थे . कवर्धा में देर रात तक माहौल गरम बना हुआ था मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात थी.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जोरदार टक्कर में AAP और BJP विधायक समेत 6 घायल