गणेश विसर्जन झांकी में पुलिस की कड़ी निगरानी, 8 युवकों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई
राजनांदगांव. गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की. पुलिस ने गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की. इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूम रहे 8 युवकों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए गए.

झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 9 प्रकरणों में 11 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की. वहीं, भीड़ में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस जवानों ने 1000 से अधिक लोगों के हाथों में पहने लोहे और धातु के कड़े निकलवाए. पुलिस के मुताबिक, भीड़भाड़ के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम करने के लिए यह कार्रवाई की गई.

गणेश विसर्जन झांकी देखने राजनांदगांव के अलावा अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे थे. विशाल जनसमूह को देखते हुए पुलिस बल ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर लगातार मुस्तैदी बनाए रखी. विभिन्न पुलिस टीमों ने पूरे आयोजन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी.
जवानों को 500 रुपए पुरस्कार की घोषणा
आर्म्स एक्ट के मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा चाकू लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले पुलिस जवानों के कार्य की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सराहना की. उन्होंने ऐसे जवानों को 500 रुपए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की. उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सजगता और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने के लिए प्रेरित किया.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः मुख्य सचिव ने ली बैठक, धान खरीदी नीति से लेकर जल प्रबंधन और प्रशासनिक सुधारों की हुई समीक्षा