राजनांदगांव में कार्यक्रम के दौरान मंच धंसा, डांसर सहित कई लोग गिरे
राजनांदगांव में मंच धंसा
Rajnandgaon News: राजनांदगांव के ठेकवा में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया. छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य के दौरान अचानक मंच का बीच का हिस्सा धंस गया, जिससे मंच पर मौजूद नर्तकियां और कलाकार नीचे गिर गए. इस घटना का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखकर लोग मंच संचालकों की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं.
अचानक मंच का बीच का हिस्सा नीचे धंसा
बताया जा रहा है कि ठेकवा में रात को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों से लोग पहुंचे थे. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति चल रही थी. मंच पर हरी साड़ी पहने महिला कलाकार समूह नृत्य कर रही थीं. उनके पीछे संगीतकार बैठकर संगीत बजा रहे थे. दर्शक भी बड़े उत्साह के साथ नृत्य का आनंद ले रहे थे और तालियां बजा रहे थे.इसी दौरान अचानक मंच का बीच का हिस्सा नीचे धंस गया. देखते ही देखते मंच पर मौजूद सभी कलाकार नीचे जा गिरे.
मंच पर अफरा-तफरी मच गई
मंच पर अफरा-तफरी मच गई. नर्तकियां एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं. संगीतकारों के वाद्य यंत्र भी नीचे गिर गए. अचानक हुए इस हादसे से दर्शक भी घबरा गए. कुछ देर के लिए तो समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है.वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंच टूटते ही वहां मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. दर्शकों ने तुरंत मंच के पास पहुंचकर गिरे हुए कलाकारों को उठाया.
आयोजक भी मौके पर पहुंचे
महिलाएं एक-दूसरे को सहारा देकर खड़ा करती नजर आईं. आयोजक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की. कुछ देर के लिए कार्यक्रम को रोकना पड़ा. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने नहीं आई है.



