CG News: सुशासन तिहार में महिला विधायक का फूटा गुस्सा, बोलीं- ‘जनता का श्राप बड़े-बड़ों का गुरूर तोड़ देता है’
शकुंतला सिंह पोर्ते
CG News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी लगातार सामने आ रही है. सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के बाद अब प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सार्वजनिक मंच से कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
ग्रामीणों ने सुनाई समस्याएं
वाड्रफनगर जनपद क्षेत्र के ग्राम गुडरू में सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर के दौरान विधायक पोर्ते ने राजस्व मामलों के निपटारे में हो रही देरी और लापरवाही पर नाराजगी जताई. शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि छोटे-छोटे कामों के लिए भी उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है.
अधिकारियों को दी सख्त नसीहत
ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद विधायक ने मंच से अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि केवल परीक्षा पास कर लेने से कोई जनता से ऊपर नहीं हो जाता. विधायक ने कहा, ‘जनता का श्राप बड़े-बड़े लोगों का गुरूर तोड़ देता है.’ उन्होंने अधिकारियों को पद का अहंकार छोड़कर आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की सीख दी. विधायक ने कहा कि ग्रामीण सुबह से बसों में सफर कर कार्यालय पहुंचते हैं, घंटों इंतजार करते हैं, फिर भी उनका काम नहीं होता और वे निराश होकर लौटने को मजबूर हो जाते हैं.
राजस्व मामलों में देरी पर नाराजगी
उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय गांवों में जाकर काम करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए. जमीन सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और पट्टा जैसे राजस्व मामलों के लंबे समय तक लंबित रहने पर भी उन्होंने असंतोष जताया. विधायक का कहना था कि लोगों को राहत देने के बजाय उन्हें लगातार दफ्तरों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं.
पहले भी सामने आ चुकी है नाराजगी
बलरामपुर जिले में यह दूसरा मौका है जब किसी विधायक ने प्रशासनिक व्यवस्था पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है. इससे पहले सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने राजपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसडीएम और तहसीलदार की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीएम को हटाने की मांग की थी. उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अब विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते का बयान भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. लगातार दो जनप्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक मंच से अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए जाने के बाद जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ये भी पढे़ं- Sushasan Tihar: मंच पर फूटा विधायक का गुस्सा, SP को लगाया फोन, बोले- अफसरों की ढिलाई से सरकार की छवि खराब हो रही