CG News: GGU यूनिवर्सिटी मारपीट मामले में 4 छात्रों पर FIR, प्रबंधन ने हॉस्टल से किया निष्कासित

CG News: सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते छात्रों के दो समूह आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई.
GGU University Assault Case

GGU यूनिवर्सिटी मारपीट मामला

CG News: बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) के परिसर में लॉ के छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते छात्रों के दो समूह आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई. यह पूरा मामला कोनी पुलिस थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है.

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत इंस्टाग्राम पर हुई, जहां कुछ छात्रों के बीच धार्मिक और सामाजिक व्यक्तित्वों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं. इन टिप्पणियों में भगवान राम, भगवान परशुराम और डॉ. बीआर अंबेडकर जैसे नामों को लेकर विवाद खड़ा हुआ. पोस्ट सामने आने के बाद अन्य छात्रों में आक्रोश बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

चैट वायरल होने के बाद जुटे छात्र

शुक्रवार रात को जैसे ही विवादित चैट्स वायरल हुईं, बड़ी संख्या में छात्र स्वामी विवेकानंद हॉस्टल के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध जताने लगे. देखते ही देखते बहस बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक झड़प हो चुकी थी. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र आपस में उलझते दिखाई दे रहे हैं.

प्रबंधन ने दर्ज कराई शिकायत

विश्वविद्यालय के केंद्रीय सुरक्षा विभाग ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है. शिकायत में कहा गया है कि कुछ छात्रों द्वारा सोशल मीडिया पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे अन्य छात्रों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं. इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए चार छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बजरंग दल ने किया विरोध प्रदर्शन

इस घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी शनिवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार छात्रों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. हाल के दिनों में कैंपस में लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जिससे विश्वविद्यालय की व्यवस्था पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है.

ये भी पढे़ं- CG News: कंस्ट्रक्शन कारोबारी से 50 लाख लेकर फरार हुआ ड्राइवर, गुटखा लेने भेजकर अकाउंटेंट को छोड़ा, पुलिस तलाश में जुटी

ज़रूर पढ़ें