महासमुंद में 1.5 करोड़ की 92 टन LPG चोरी का मामला, 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
महासमुंद: 92 टन गैस चोरी के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
Mahasamund News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में कैप्सूल वाहन से 1.5 करोड़ रूपए कीमत की 92 टन LPG गैस चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मामले में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव , गौरव गैस एजेंसी के संचालक पंकज चन्द्राकर एवं रायपुर गैस चूल्हा विक्रेता मनीष चौधरी को गिरफ्तार किया गया है.
80 लाख रुपये में हुई थी डील
फर्जी दस्तावेज और कूटरचना कर तीनों आरोपियों ने मिलकर 92 टन एलपीजी गैस बेचने की साजिश रची थी. चोरी की गई गैस के लिए अभनपुर के ठाकुर पेट्रोकैमिकल्स से 80 लाख रुपए में डील हुई थी. इसके बदले में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव को 50 लाख रुपये नकद, 20 लाख रुपये गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर को एवं 10 लाख गैस चूल्हा विक्रेता मनीष चौधरी को मिले.
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने मामले में कुल 6 लोगों को आरोपी बनाया है. जिसमें से पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दो आरोपी अभी फरार हैं. सिंघोडा पुलिस ने मामले में BNS 316(3) , 316(5), 61, 238, 336(3), 338, 340(2), 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2025 में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने 6 LPG गैस से भरे कैप्सूल ट्रक जब्त किए थे. किसी प्रकार का हादसा ना हो इसके लिए पुलिस ने कलेक्टर से इसे सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए पत्र लिखा. इसके बाद कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देश दिया.
इसके बाद 30 मार्च 2026 को खाद्य विभाग की टीम ने ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के मालिक संतोष सिंह ठाकुर से संपर्क किया, 6 कैप्सूल ट्रक सुरक्षित रखने के लिए कहा. संतोष ने अपने स्टाफ की मदद से सभी गाड़ियां सिंघोड़ा थाना से रायपुर के अभनपुर के ग्राम उरला में स्थित अपने प्लांट ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स ले गया.