PM मोदी की अपील का असर, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पायलट और फॉलो गाड़ी उपयोग न करने का लिया फैसला
वित्त मंत्री ओपी चौधरी
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा बचत और संसाधनों के सीमित उपयोग की अपील की है. प्रधानमंत्री की इस अपील का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी अपने काफिले में कटौती का निर्णय लिया है.
ओपी चौधरी ने काफिले के कारों में कटौती का लिया निर्णय
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए वे स्थिति सामान्य होने तक, अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों को छोड़कर, पायलट वाहन या फॉलो गाड़ी/प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं करेंगे.
पीएम मोदी ने लोगों से की अपील
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में संभावित वैश्विक ऊर्जा संकट और बढ़ती ईंधन चुनौतियों को देखते हुए देशवासियों से अपील की थी कि जहां तक संभव हो निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. उन्होंने मेट्रो शहरों में लोगों से मेट्रो सेवाओं को प्राथमिकता देने और कारपूलिंग अपनाने की बात कही, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके. इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भविष्य के लिए जरूरी बताते हुए EV को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
वर्क फ्रॉम होम और विदेश यात्राओं पर सलाह
प्रधानमंत्री ने कोरोना काल के दौरान अपनाए गए वर्क फ्रॉम होम मॉडल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि अनावश्यक यात्रा को कम किया जा सके और विदेशी मुद्रा की बचत हो. उन्होंने गैर-जरूरी विदेश यात्राओं को कुछ समय के लिए टालने की सलाह भी दी. साथ ही विदेशों में होने वाली शादियों और छुट्टियों पर बढ़ते खर्च को लेकर चिंता जताते हुए मध्यम वर्ग से संयम बरतने की अपील की.