Vistaar NEWS

CG News: एक दिन में हुई 63 हजार टन से ज्यादा की धान खरीदी, 70,979 किसानों ने बेची फसल

Ongoing paddy procurement in Chhattisgarh (file photo)

छत्तीसगढ़ में चल रही धान खरीदी (फाइल फोटो)

CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के लिए चल रहे महाअभियान ने अब प्रदेशभर में रफ्तार पकड़ ली है. धान की खरीदी शुरू हाेने के महज 9 दिन बाद यानी 23 नवंबर तक पूरे प्रदेश में 2.78 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा की धान खरीदी गई है. अब तक 70 हजार 979 से अध‍िक किसानों ने समर्थन मूल्‍य पर धान को बेच चुके हैं.

जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर के पूरे दिन ही करीब 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है. वहीं इस सीजन के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है. सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्रों की शुरूआत की है.

5 लाख से अधिक टोकन जारी

अब प्रदेश में कुल 2,461 केंद्रों के माध्‍यम से धान की खरीदी की जा रही है. इसके साथ ही ऑनलाइन टोकन प्रणाली के तहत 5 लाख से अधिक टोकन जारी हो चुके हैं. राज्य में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है.

उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए व्‍यवस्‍थाएं दुरुस्‍त

प्रदेशभर में सरकार किसानों से धान प्रति एकड़ 21 क्व‍िंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्व‍िंटल के समर्थन मूल्‍य पर खरीदी रही है. इसके साथ ही यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्व‍िंटल धान भी बेचता है, तो सरकार बाकी के बचे छह क्वि‍ंटल के बराबर की आदान सहायता राशि उसे प्रदान करेगी.

मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय ने धान खरीदी को लेकर अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों में बारदान, तौल और अन्‍य सभी जरूरी व्‍यवस्‍थाओं को पूरी तरह से दुरुस्‍त करने के निर्देश दिए हैं. सरकार ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी और किसानों के लिए सुविधाजनक बनाने की बात कही है.

Exit mobile version