Balodabazar News: इस पूर्व BJP नेता पर 10 लाख की ठगी का आरोप, सरकारी नौकरी का झांसा देकर की लूट
Balodabazar News: छत्तीसगढ़ के बलौदा-बाजार से बड़ी खबर आ रही है. दरअसल, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के खिलाफ ठगी का एक और मामला सामने आया है. आरोप है कि ट्रांसफर कराने के बाद में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम से उनसे करीब 10 लाख ले लिए और बदले में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया. सरकारी आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र जारा के कर्मचारी ने पूर्व भाजपा जिला महामंत्री के खिलाफ शिकायत की है.
चिकित्सा केंद्र के कर्मचारी ने की शिकायत
दरअसल, पीड़ित मेघनाथ बंजारे ने बताया कि वो जारा से अपने गांव के पास ट्रांसफर कराना चाहते थे. पुनि राम के कहने पर उन्होंने कृष्णा अवस्थी से संपर्क किया. आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने ट्रांसफर कराने के नाम पर 30 हजार रुपए लिए, लेकिन 14 महीने बीत जाने के बाद भी तबादला नहीं हुआ.
वहीं, ट्रांसफर न होने पर जब मेघनाथ ने अपने पैसे वापस मांगे तो अवस्थी ने उन्हें मंत्रालय में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया. इसके बाद पीड़ित के बेटे और उसके दोस्तों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 10 लाख लिए गए. बताते चलें मेघनाथ बंजारे ने एसपी ऑफिस में 3 नियुक्ति पत्र भी दिखाए हैं. आरोप है कि ये सभी फर्जी हैं. आरोप है कि इन पत्रों पर अधिकारियों के नकली हस्ताक्षर किए गए हैं.
पहले से जेल में हैं पूर्व महामंत्री
बता दें मेघनाथ द्वारा की गई शिकायत कृष्णा अवस्थी पर की गई तीसरी शिकायत है. इससे पहले भी उन पर फर्जी तबादला पत्र के जरिए ठगी का मामला दर्ज हो चुका है, जिसमें वह जेल में हैं. भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है.फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि, अभी तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है.