Raipur News: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. कभी नाम हटाने की प्रक्रिया को लेकर तो कभी मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए मामला चर्चा में रहता है. अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां वोटर का जेंडर ही बदल दिया गया. मतदाता को महिला से पुरुष बना दिया. जिसका जेंडर बदला गया वो कोई आम इंसान नहीं बल्कि बीरगांव की पूर्व महापौर हैं.
क्या है पूरा मामला?
चुनाव आयोग में दर्ज जानकारी के अनुसार पूर्व महापौर का नाम अंबिका यदु, उनके रिश्तेदार का नाम चेतराम यदु लिखा हुआ है. उम्र 60 साल और संसदीय क्षेत्र के स्थान पर रायपुर, छत्तीसगढ़ दर्ज है. ये सारी जानकारियां सही दी गईं हैं लेकिन जेंडर में महिला की जगह पुरुष लिख दिया गया. इसे बड़ी गलती के तौर पर देखा जा रहा है.
SIR प्रक्रिया पर उठे सवाल
अंबिका यदु के जेंडर बदलने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया में होने वाली लापरवाही पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है. किस तरह बिना जांचे और परखे चुनाव आयोग के पोर्टल पर जानकारी अपलोड की जा रही है. दरअसल, इलेक्शन कमीशन ने हाल ही में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन करवाया है. इसके बाद डिजिटल पोर्टल पर आई इन गड़बड़ियों ने कई सवाल खड़े किए हैं.
ये भी पढ़ें: Raipur Local News: कंपनी से 80 लाख रुपए की साइबर ठगी, अब WhatsApp से ऐसे बना रहे शिकार
आम लोगों से लेकर राजनीतिक हस्तियों के नामों या उनकी द्वारा दी गई जानकारी में अंतर देखने को मिल रहा है. चुनाव आयोग के पोर्टल में गड़बड़ियां दिख रही हैं. सवाल ये भी उठ रहे हैं कि जब बीएलओ ने घर-घर जाकर एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता की सारी जानकारी जुटाई तो फिर वोटर्स की जानकारी में अंतर कैसे आ सकता है. इसे BLO की लापरवाही मानी जा रही है.
