CG News: ‘बर्दाश्त नहीं किया जाएगा..’, आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त
श्याम बिहारी जयसवाल
CG News: Raipur: छत्तीसगढ़ में हाल ही के दिनों में 100 से ज्यादा अस्पतालों पर छापा मारा गया. आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. वहीं अब, आयुष्मान कार्ड में गड़बड़ी और मरीजों से अवैध रूप से पैसे लेने के मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सख्त तेवर दिखाए हैं.
मंत्री ने क्या कहा ?
स्वास्थ्य मंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि छत्तीसगढ़ के लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आयुष्मान योजना के तहत इलाज के नाम पर यदि किसी मरीज से अतिरिक्त पैसा लिया जाता है या योजना में किसी भी तरह की गड़बड़ी की जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि पिछली बार भी आयुष्मान योजना में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, लेकिन अब यदि इस तरह की शिकायत सामने आती है तो पिछली कार्रवाई से भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए और कोई भी व्यक्ति आयुष्मान योजना के नाम पर मरीजों से अतिरिक्त राशि वसूलकर उन्हें परेशान नहीं कर सकता.
100 से ज्यादा अस्पतालों पर छापा
बताते चलें कि, कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की. विभाग ने प्रदेशभर में 100 से अधिक अस्पतालों में जांच और निरीक्षण किया. बताया जा रहा है कि आयुष्मान योजना के तहत उपचार, मरीजों से जुड़े दस्तावेज और योजना के प्रावधानों के पालन को लेकर लगातार शिकायतें विभाग को मिल रही थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचकर रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं की जांच की. जांच के दौरान अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत किए जा रहे उपचार और उससे संबंधित प्रक्रियाओं की पड़ताल की गई.
‘आपने हिम्मत नहीं हारी…’, 174 लोगों को बचाने वाले कैप्टन स्मित से PM मोदी ने की बात