CG News: दिवाली पर ड्यूटी कर रहे जवानों के बीच पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, मिठाई-उपहार देकर दी शुभकामनाएं
गजेन्द्र यादव
Gajendra Yadav Diwali: दीपावली के पर्व पर जब हर कोई अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना रहा है, वहीं प्रदेश की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवान अपने कर्तव्य पर मुस्तैद हैं. इन जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए प्रदेश के मंत्री गजेन्द्र यादव ने अनूठी पहल की.
मंत्री गजेन्द्र यादव ने काफिला रुकवाया
आज रायपुर से दुर्ग जाते समय मंत्री गजेन्द्र यादव ने रास्ते में अलग-अलग चौक-चौराहों पर अपना काफिला रुकवाया और वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवानों के बीच पहुंच गए. उन्होंने जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई और उपहार भेंट किए तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं.
मंत्री को अचानक अपने बीच पाकर जवान भी अभिभूत नजर आए. मंत्री यादव ने जवानों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं सेवाभाव की सराहना की.
मंत्री ने क्या कहा ?
इस अवसर पर यादव ने कहा कि त्योहारों के दौरान जब हम अपने परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं, तब हमारे पुलिस के जवान अपनी खुशियों और परिवार से समय निकालकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं. उनकी यह सेवा और समर्पण समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. जवानों का सम्मान करना और उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटना हम सभी का दायित्व है.
पीएम मोदी ने बस्तर में मनाई दिवाली
बता दें, छत्तीसगढ़ के लिए जिवाली इस बार खास रही. दशकों तक माओवादी हिंसा और गोलियों की गड़गड़ाहट से दहलने वाले बस्तर में इस बार की दीपावली ऐतिहासिक रही. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में जवानों के बीच पहुंचकर ऐलान किया कि यह नक्सलवाद पर पूर्ण विजय हासिल करने के बाद की पहली दीपावली है. प्रधानमंत्री ने जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि जब आंतरिक सुरक्षा मजबूत होती है, तब बाहरी दुश्मन भी सिर उठाने की हिम्मत नहीं कर पाता.



