CG Weather Weather: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है.
आज कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला बना रहेगा. 17 और 18 जुलाई को भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी. 19 और 20 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है, हालांकि इन दिनों किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं जताई गई है.
लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
बारिश की वजह से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है. राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है.
बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बिलासपुर में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम 24.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान भी बिलासपुर में दर्ज हुआ. मौसम विभाग के अनुसार इस सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
