छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 26 ट्रेनों में अब ज्यादा कंफर्म होगी टिकट, यात्री कर सकेंगे आरामदायक सफर

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए, चरणबद्ध तरीके से पुराने आईसीएफ (Integral Coach Factory) कोचों को हटाकर आधुनिक तकनीक से युक्त एलएचबी (Linke Hofmann Busch) कोचों का प्रावधान किया है. वर्तमान में SECR से चलने वाली 26 ट्रेनों के 34 रैक में ये अत्याधुनिक एलएचबी कोच सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं.
train

ट्रेन

रायपुर. रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) द्वारा यात्रियों को संरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए, चरणबद्ध तरीके से पुराने आईसीएफ (Integral Coach Factory) कोचों को हटाकर आधुनिक तकनीक से युक्त एलएचबी (Linke Hofmann Busch) कोचों का प्रावधान किया है. वर्तमान में SECR से चलने वाली 26 ट्रेनों के 34 रैक में ये अत्याधुनिक एलएचबी कोच सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं.

अधिक सुरक्षित और झटके-मुक्त सफर

जर्मनी की तकनीक पर आधारित एलएचबी कोच अपनी मजबूत संरचना और आधुनिक विशेषताओं के लिए जाने जाते हैं. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन कोचों में बेहतरीन सस्पेंशन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ट्रेन की तेज रफ्तार के दौरान भी यात्रियों को कम झटके और कंपन महसूस होते हैं. यह तकनीक न केवल ट्रेन की स्थिरता को बढ़ाती है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में भी यात्रियों की सुरक्षा को कई गुना पुख्ता करती है.

कन्फर्म टिकट मिलने की संभावनाओं में वृद्धि

  •  एलएचबी स्लीपर कोच: 80 बर्थ (पारंपरिक आईसीएफ में 72)
  •  एलएचबी एसी-3 कोच: 72 बर्थ (पारंपरिक आईसीएफ में 64)
  •  एलएचबी एसी-2 कोच: 62 बर्थ (पारंपरिक आईसीएफ में 46)

अधिक बर्थ उपलब्ध होने से पीक सीजन या छुट्टियों के दौरान यात्रियों को वेटिंग लिस्ट से राहत मिलने और कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावनाओं में सीधा इजाफा हुआ है.

इन प्रमुख ट्रेनों में मिल रही है एलएचबी सुविधा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत चलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, अमरकंटक एक्सप्रेस, संपर्कक्रांति एक्सप्रेस, शिवनाथ एक्सप्रेस, नर्मदा एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, और इंटरसिटी सहित बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर, रायगढ़ और कोरबा से देश के विभिन्न महानगरों व शहरों जैसे दिल्ली, अमृतसर, बीकानेर, एर्णाकुलम, चेन्नई, पुणे, भोपाल, इंदौर और कानपुर जाने वाली कुल 26 प्रमुख ट्रेनों में इन आधुनिक कोचों की सुविधा बहाल कर दी गई है.

ज़रूर पढ़ें