छत्तीसगढ़ः ‘पुष्पा’ स्टाइल में हो रही थी गांजा तस्करी… लेकिन पुलिस के सामने नहीं चली चालाकी
गरियाबंद. ‘ऑपरेशन निश्चय’ अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 151.50 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर गांजा परिवहन में इस्तेमाल मेटाडोर वाहन को भी जब्त किया है. हैरानी की बात ये है कि तस्कर फिल्म पुष्पा स्टाइल में गांजा तस्करी कर रहे थे, आरोपियों ने गांजा टायर के अंदर छिपाकर रखा था, लेकिन पुलिस के सामने इनकी चालाकी नहीं चली.
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर में अवैध रूप से गांजा लेकर देवभोग की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवान संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान मेटाडोर को रोककर तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान मेटाडोर के छह टायरों के अंदर फिल्मी अंदाज में छिपाकर रखा गया 151.50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के रोहित पांडेय और ओडिशा के कालाहांडी जिले के रमेश नायक को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा करीब 20 लाख 25 हजार रुपये कीमत का मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 27ए के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है.
आठ महीने में 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त
गरियाबंद पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पिछले आठ महीनों में 44 प्रकरण दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान कुल 10 क्विंटल 80 किलोग्राम यानी 1,080 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 17 लाख रुपये है. इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गरियाबंद जिला कई राज्यों की सीमा से लगा होने के कारण तस्कर यहां से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का प्रयास करते हैं. इसे रोकने के लिए रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर ‘ऑपरेशन निश्चय’ शुरू किया गया है. पुलिस की टीमों और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से पिछले आठ महीनों में तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः पत्नी ने छोड़ा, तो पति ने की पड़ोसी की हत्या, घर में छिपा आरोपी… 7 घंटे में 50 जवान बाहर नहीं निकाल पाए, फिर पुलिस ने किया मिर्ची का घुआ