रायपुर. छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस अलग-अलग क्षेत्रों में अब अपनी तैयारी शुरू कर रही है. निकायवार कार्यकर्ता सम्मेलनों के साथ संभावित प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू हो गई है. संगठन के स्तर पर शुरुआती सर्वे को लेकर भी सुगबुगाहट हो रही है. वरिष्ठ नेताओं को स्थानीय नेताओं और संगठन के साथ लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में रायशुमारी के निर्देश दिए गए हैं. वरिष्ठ नेताओं ने भी बैठकों के जरिए संभावित प्रत्याशियों को लेकर टोह लेना शुरू कर दिया है. यही वजह है कि निकायों में अब दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ गई है. प्रत्याशी चयन की विधिवत रायशुमारी से पहले ही दावेदारी भी सामने आने लगी है.
आगामी दिसंबर माह में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव कांग्रेस के लिए चुनौती भरे होंगे. अपने कब्जे वाले निकायों में दबदबा बरकरार रखने पूरी ताकत झोंकने की तैयारी है. स्थानीय मुद्दों और सरकार की नाकामियों को लेकर संगठन के चुनावी अभियान ने अब जोर पकड़ा है. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस संगठन ने संभावित दावेदारों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी है. इसके लिए पीसीसी अपने स्तर पर सर्वे भी कराने जा रही है. इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद भिलाई और रिसाली क्षेत्र में लगातार बैठकों के साथ टोह ले रहे हैं. पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज मारो क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए. इसी तरह पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने भी बतौर प्रभारी बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में लगातार बैठकें कर दिशा-निर्देश दिए हैं. इधर दावेदारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ाई है. एक निकाय में कई दावेदार अब सामने आ रहे हैं. पूर्व में प्रभारियों ने दो से तीन दौर की बैठकें ली हैं. इसके बाद अपनी रिपोर्ट भी तैयार की है. हालांकि इसके बाद संगठनात्मक आंदोलनों की वजह से बैठकों और रायशुमारी में ठहराव आ गया था. अब प्रभारियों को लगातार नजर रखने कहा गया है.
मतदाता सूची खंगाल रहे
संगठन ने सत्ताधारी दल के इशारे पर मतदाता सूची में पहले ही गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं. सभी निकायों में हजारों युवा मतदाताओं को वंचित करने के मामले सामने आने के बाद स्थानीय संगठनों को जिम्मेदारी दी गई है. अब संगठन के साथ वरिष्ठ नेता मतदाता सूची में शामिल एक-एक नाम को खंगाल रहे हैं. वहीं संदिग्ध मतदाताओं की स्थिति में ऐसे प्रकरणों को सूचीबद्ध भी किया जा रहा है.
वार्ड स्तर पर प्रभारी
वार्ड स्तर पर बेहतर प्रत्याशियों की तलाश के लिए प्रभारी बनाए जा रहे हैं. विभिन्न वार्डों में प्रभारियों की टीम जाकर सभी स्तरों पर रायशुमारी करेगी. वहीं स्थानीय समीकरण और जातीय संतुलन के साथ पूरी रिपोर्ट तैयार कर संगठन को सौंपेगी. इसके आधार पर पीसीसी आगामी कार्यवाही करेगी. बीरगांव नगर निगम के लिए कई वार्डों में प्रभारी भी तय हो चुके हैं.
