छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, दिसंबर में रद्द रहेंगी ये ट्रेनें, हीराकुंड एक्सप्रेस भी लेट
ट्रेन
Hirakud Express Delayed Four Hours: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. दिसंबर में रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है. अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह जानकारी जरूर जान लें. दरअसल, रेलवे विभाग की तरफ से बृंदामल स्टेशन पर फ्लाईओवर लाइन को जोड़ने की काम किया जाएगा. इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य होना है. इस वजह से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
तीन दिन नहीं चलेगी पैसेंजर ट्रेन
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 58213/58214 टिटलागढ़-बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर को तीन दिनों के लिए रद्द किया गया है. यह ट्रेन 21, 24 और 26 दिसंबर को दोनों दिशाओं में नहीं चलेगी. ऐसे में इन तारीखों पर टिटलागढ़ और बिलासपुर के बीच यात्रा करने वाली यात्रियों को दूसरे ऑप्शन तलाशने होंगे. यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर की योजना बनाने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर चेक कर लें.
हीराकुंड एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव
वहीं ट्रेन रद्द होने के साथ ही कुछ ट्रेनों के समय पर भ असर पड़ेगा. 26 दिसंबर को विशाखापत्तनम से चलने वाली गाड़ी संख्या 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से रवाना होगी. ऐसे में इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के नए प्रस्थान समय की जानकारी लेनी चाहिए.
कोहरे से निपटने के लिए रेलवे ने किए खास इंतजाम
सर्दियों में कोहरे के कारण ट्रेन चलाने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी तैयारी की है. रेलवे ने अपने तीनों मंडलों में कुल 3,657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए हैं. इन उपकरणों की मदद से लोको पायलट को कम दृश्यता के दौरान भी आगे आने वाले सिग्नल, स्टेशन और रेलवे फाटकों की जानकारी मिल सकेगी. इससे ट्रेन संचालन को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी.



