रायपुर में उफान पर खारुन नदी, बारिश के चलते डिप्टी CM अरुण साव का कांकेर दौरा रद्द, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

CG Heavy Rain: रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभागों में मौसम विभाग ने हेवी रेन का अलर्ट जारी किया है. रायपुर समेत बड़े शहरों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. खारुन नदी उफान पर है. महादेव घाट के पास नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है.
Chhattisgarh weather heavy rain including Raipur

रायपुर: भारी बारिश के चलते उफान पर खारुन नदी

CG Heavy Rain: मानसून विदाई से पहले छत्तीसगढ़ में रौद्र रूप दिखा रहा है. इसके साथ ही चक्रवात ‘अर्नब’ की वजह से पूरे राज्य में जोरदार बारिश का दौर जारी है. रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभागों में मौसम विभाग ने हेवी रेन का अलर्ट जारी किया है. रायपुर समेत बड़े शहरों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. खारुन नदी उफान पर है. महादेव घाट के पास नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है. इससे आवागमन ठप हो गया है.

डिप्टी सीएम का कांकेर दौरा रद्द

छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्से में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. रायपुर में बीते 24 घंटे में 69 मिमी बारिश हुई है. इस वजह से नदी-नाले उफान पर हैं. निचले इलाकों में पानी भर गया है. वहीं, जगदलपुर में पिछले 24 घंटे में 246 MM बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, भारी बारिश की वजह से डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांकेर दौरा रद्द कर दिया है.

28 साल बाद गंगरेल डैम के सभी गेट खुले

बस्तर में भी स्थिति हेवी रेन के चलते गंभीर बनी हुई है. इंद्रावती नदी पर बने खातीगुड़ा डैम और सहायक नदी मुरान के बांध के गेट खुलने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई. करीब तीन सौ गांव बाढ़ के पानी से घिरकर टापू बन गए. धमतरी जिले में स्थिति गंगरेल डैम के सभी 14 गेट 28 साल बाद खोले गए. बांध खुलने से 2.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया.

ये भी पढ़ें: CG School Holiday: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश, सीएम साय ने प्रदेश के सभी स्कूलों में कल छुट्टी का दिया आदेश

कई शहरों में ऑरेंज अलर्ट

नेशनल हाईवे-30 रायपुर-कोंटा और NH-63 जगदलपुर-बीजापुर-भोपालपट्टनम कई स्थानों पर बाधित हो गया है. किरंदुल-कोत्तावालसा रेल लाइन पर चार जगहों पर लैंड स्लाइड होने से क्षतिग्रस्त हो गया है. भारी बारिश होने के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है. इसे दो दिनों के लिए बंद किया गया है. वहीं, दंतेवाड़ा, महासमुंद, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, बेमेतरा, नारायणपुर समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

ज़रूर पढ़ें