‘राम के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं…’, बोले पवन खेड़ा, दीपक बैच ने कहा- कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करेगी
पवन खेड़ा और दीपक बैज
CG News: कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार देर रात रायपुर पहुंचे. सोमवार को उन्होंने कांग्रेस जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर कई सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में RSS की कोई भूमिका नहीं रही और भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं किया जा सकता.
प्रशिक्षण शिविर को बताया जरूरी
पवन खेड़ा ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बेहद जरूरी हैं, क्योंकि इससे कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा समझने, संवाद कौशल विकसित करने और जनता के बीच प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी.
नई और आक्रामक कांग्रेस का दावा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी प्रशिक्षण शिविर को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पिछले 10 दिनों में जिला अध्यक्षों को संगठन संचालन, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और राजनीतिक रणनीति जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षित किया गया है. उनका दावा था कि अब प्रदेश में कांग्रेस पहले से अधिक सक्रिय और आक्रामक भूमिका में नजर आएगी.
राम मंदिर ट्रस्ट पर उठाए सवाल
अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले का उल्लेख करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक की ओर से अकाउंटिंग स्टाफ को हटाने की सिफारिश किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और कुछ लोगों को बचाने की कोशिश की गई. उन्होंने यह भी कहा कि ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर RSS की सोच का प्रभाव रहा है.
RSS पर साधा निशाना
RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के हालिया बयान का जिक्र करते हुए खेड़ा ने कहा कि संघ का देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक सामने आए कई मामलों ने संघ की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे बयानों में उलझने के बजाय जनता की समस्याओं पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है.
जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस – दीपक बैच
बैज और खेड़ा दोनों ने राज्य सरकार को भी निशाने पर लिया. उनका आरोप था कि प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय हैं, स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है और युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है. कांग्रेस इन सभी मुद्दों को गांव-गांव तक ले जाकर जनता के बीच संघर्ष तेज करेगी. दीपक बैज ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण शिविर से निकले कार्यकर्ता संगठन को नई ऊर्जा देंगे और आने वाले समय में इसका असर प्रदेश की राजनीति में साफ दिखाई देगा.