चक्रवात ‘अकवान’ को लेकर 10 जिलों में यलो अलर्ट, किसान रहे अलर्ट
Cyclone Akvan Chhattisgarh Alert: रायपुर. बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी असर पड़ेगा. प्रदेश में 18 नवंबर से बादलों की आवाजाही बढ़ने के आसार हैं, जबकि 20 और 21 नवंबर को बस्तर संभाग में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
चक्रवात के संभावित असर को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान लगातार उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके 17 नवंबर की देर शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है. तूफान की दिशा और बढ़ती तीव्रता को देखते हुए तटीय राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी नजर रखी जा रही है. (Yellow Alert Issued in 10 Districts as Cyclone Akvan Impacts Chhattisgarh Weather)
नेल्लोर और विशाखापत्तनम पर टकराने की आशंका
पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात 20 नवंबर की दोपहर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश एवं यनम के तट से टकरा सकता है. इस दौरान तूफान की निरंतर हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और हवाएं 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है.
बस्तर संभाग में ज्यादा असर के आसार
चक्रवात के प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को बस्तर संभाग के जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और कमजोर निर्माणों के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत है. (Yellow Alert Issued in 10 Districts as Cyclone Akvan Impacts Chhattisgarh Weather)
रायपुर में फिलहाल साफ रहेगा आसमान
राजधानी में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मंगलवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा. प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.
प्रदेश के 10 जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र रायपुर ने 17 नवंबर को सुबह 4 बजे जारी चेतावनी में प्रदेश के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, कांकर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में एक-दो स्थानों पर हल्की-भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

