आज रायपुर लाएगी पुलिस, होटल कारोबारी टंडन पर एक सप्ताह में पांच FIR, पत्नी बरखा भी गिरफ्तार
FILE PHOTO
रायपुर. बिलासपुर जेल में बंद न्यूज पोर्टल संचालक और होटल कारोबारी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन को शुक्रवार को पुलिस रायपुर लाएगी. उस पर न्यूज पोर्टल के माध्यम से ब्लैकमेलिंग करने और एआई से तैयार आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप है. रायपुर में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अवैध कब्जे से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं. इन मामलों में उसकी पत्नी बरखा टंडन भी आरोपी है. धोखाधड़ी और धमकी के एक मामले में बरखा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
पुलिस अब दीपक टंडन को रायपुर लाकर दर्ज तीनों मामलों में पूछताछ करेगी. इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन में मिले चैट, फोटो और वीडियो की भी जांच की जाएगी. पुलिस पति-पत्नी से एक साथ पूछताछ करने की तैयारी में है. जांच के दौरान ब्लैकमेलिंग और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर नए मामले दर्ज होने की संभावना भी जताई जा रही है.
एक सप्ताह में दर्ज हुए पांच मामले
जानकारी के अनुसार, दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर पांच मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें दो मामलों में उसकी पत्नी बरखा टंडन भी आरोपी है. रायपुर में होटल कारोबारी सरिता बाजपेयी की होटल पर अवैध कब्जा करने, धमकाने और दुर्व्यवहार करने का आरोप है. इसके अलावा दूसरे की जमीन का सौदा कर 36 लाख रुपये वसूलने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने के मामले में भी पति-पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज है.
वहीं, एसयूवी बेचने का सौदा कर 20 लाख रुपये लेने के बाद धोखाधड़ी करने के आरोप में दीपक टंडन के खिलाफ तीसरी एफआईआर दर्ज की गई है. इन मामलों में पुलिस उससे पूछताछ कर लेन-देन और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाएगी.
अधिकारियों से नजदीकी का हवाला देकर वसूली का आरोप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पुलिस और प्रशासन के कुछ अधिकारियों से नजदीकी का हवाला देकर कारोबारियों से पैसे वसूले. टेंडर दिलाने के साथ ही अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना कराने के नाम पर भी रकम लेने की शिकायतें सामने आई हैं. आरोप है कि कई मामलों में काम नहीं होने के बावजूद उसने संबंधित लोगों की रकम वापस नहीं की.
बताया जा रहा है कि होटल में होने वाली पार्टियों और बैठकों के वीडियो भी आरोपी बनाता था. हालांकि, अधिकारियों की ओर से अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत सामने नहीं आई है. पुलिस इन आरोपों और मोबाइल में मिले डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच
दीपक टंडन के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत बिलासपुर से हुई थी. आरोप है कि उसने अपने न्यूज पोर्टल के माध्यम से एक मीडियाकर्मी के खिलाफ एआई से तैयार आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित किए थे. इसमें जादू-टोने से जुड़े आरोप भी लगाए गए थे. मीडियाकर्मी की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया था.



