CG Monsoon Session: मानसून सत्र का चौथा दिन, सदन में PDS समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा, ये मंत्री देंगे जवाब
छत्तीसगढ़ विधानसभा
CG Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है. प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों पर मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदन में जवाब देंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल विभिन्न विभागों से संबंधित पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे.
मानसून सत्र का चौथा दिन, सदन में PDS समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा
आज की कार्यवाही के दौरान 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए गए हैं, जबकि 8 विधायक अपनी याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे. विधानसभा में गृहमंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक को पारित कराने के लिए पेश करेंगे. वहीं उद्योग मंत्री छत्तीसगढ़ औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम सदन में प्रस्तुत करेंगे. इसके अलावा छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक भी पारित किए जाने की कार्यवाही होगी. सदन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े मुद्दों पर विधायक सुशांत शुक्ला चर्चा करेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे.
इसके अलावा विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग को लेकर अशासकीय संकल्प पेश करेंगे. वहीं विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अशासकीय संकल्प सदन में लाएंगे.